चिड़ावा: थाना क्षेत्र में पुलिस पर हमला कर फरार चल रहा कुख्यात आरोपी सरजीत आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी पर दुष्कर्म, छेड़छाड़ और चोरी जैसे गंभीर मामलों में भी पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे न्यायालय में सरेंडर होने के बाद गिरफ्तार किया।
चिड़ावा थाना पुलिस ने पुलिसकर्मी पर गर्म पानी फेंककर जानलेवा हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपी सरजीत को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में बनाई गई विशेष टीम ने उसे न्यायालय में पेश कर गिरफ्त में लिया। आरोपी करीब 4 महीने से दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामले में भी फरार था।
13 नवंबर 2025 को पिलानी थाना के पुलिसकर्मी सुभाष लांबा और अनिल आरोपी की तलाश में चिड़ावा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पहुंचे। गुप्त सूचना पर रोही ओजटु में खेत पर खोजबीन की गई, जहां सरजीत कुर्सी पर बैठा मिला। जैसे ही अनिल ने उसे पकड़ा, सरजीत जोर से चीखा। इसी बीच उसकी मां सावित्री देवी ने उबलता पानी पुलिसकर्मी पर फेंक दिया, जिससे उनके पैर बुरी तरह जल गए। आरोपियों ने धक्का-मुक्की कर उसे छुड़ाकर फरार कर दिया।
घटना की गंभीरता देखते हुए घायल पुलिसकर्मी का मेडिकल करवाया गया और प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने मौके की जांच करवाकर 14 नवंबर को आरोपी की मां सावित्री देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं सरजीत लगातार छिपता फिर रहा था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।
गठित विशेष टीम की लगातार कार्रवाई से घबराकर सरजीत ने 4 दिसंबर 2025 को चिड़ावा न्यायालय में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे अदालत के आदेश पर हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर 8 आपराधिक मामले पहले से दर्ज है जिसमें दुष्कर्म, छेड़छाड़ और चोरी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिसकर्मियों पर हमला करने की प्रवृत्ति भी सामने आई
झुंझुनूं जिले में यह मामला पुलिस सुरक्षा और अपराधियों के बढ़ते हौसले से जुड़ा संवेदनशील विषय बन गया है।





