झुंझुनू: शहर में मेडिकल स्टोर्स पर बढ़ रही चोरी की वारदातों के बीच कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में दो दुकानों के शटर तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी बंटी स्वामी को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी किए रुपये और वारदात में इस्तेमाल राड भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने अन्य चोरियों की भी बात कबूल की है, जिससे मामले का दायरा और बढ़ सकता है।

पुलिस के अनुसार 6 नवंबर की रात हाउसिंग बोर्ड स्थित न्यू श्री ओम मेडिकल स्टोर और आनंदपुरीया मेडिकल स्टोर में शटर तोड़कर चोरी की गई। दुकान मालिक आशीष कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि 15 से 17 हजार रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी और कुछ दवाइयाँ चोरी कर ले जाई गईं। वहीं पड़ोस की दुकान से 4 से 5 हजार रुपये कैश व सामान गायब मिला।

कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार नील के नेतृत्व में जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर की सूचना पर मेघवालों की ढाणी, मोडा पहाड़ रोड में रहने वाले बंटी स्वामी को पकड़ा गया। पूछताछ में अपराध प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से वह राड बरामद की गई जिससे दुकानों के शटर तोड़े गए थे। साथ ही चुराए गए रुपये भी पुलिस को मिल गए हैं। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने इससे पहले भी कई वारदातें की हैं। अब पुलिस उससे और जानकारी जुटा रही है ताकि अन्य वारदातों का खुलासा भी किया जा सके।

जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत व वृताधिकारी गोपाल सिंह ढाका की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। कोतवाली पुलिस टीम में श्रवण कुमार नील के साथ सुनील कुमार और अशोक भी शामिल रहे जिन्होंने मामले का त्वरित खुलासा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!