फव्वारा बदलते वक्त करंट की चपेट में आया मजदूर — सूरजगढ़ की श्री पंचायत गौशाला में दर्दनाक हादसा, मध्यप्रदेश निवासी युवक की मौके पर मौत

सूरजगढ़ (झुंझुनूं): रविवार सुबह सूरजगढ़ स्थित श्री पंचायत गौशाला में फव्वारे की लाइन बदलते समय बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान 11 केवी हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मध्यप्रदेश निवासी मजदूर सुरेंद्र (35) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद युवक को सूरजगढ़ के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र पिछले दो सालों से अपने परिजनों के साथ गौशाला परिसर में ही रहकर मजदूरी का कार्य कर रहा था। रविवार को वह फव्वारे की लाइन को बदलने का काम कर रहा था। इसी दौरान लोहे की पाइप ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आने से उसे जोरदार करंट लगा, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर सूरजगढ़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को सीएचसी सूरजगढ़ की मोर्चरी में रखवाया गया। वहीं, गौशाला प्रबंधन द्वारा शव को मृतक के पैतृक गांव मध्यप्रदेश भेजने की तैयारी की जा रही है।

दुर्घटना से गौशाला कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने और बिजली सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!