चिड़ावा: बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। चिड़ावा के नजदीकी गांव हीरवा में पड़ोस के एक खेत में पानी देने के लिए मोटर चलाते वक्त करंट लगने से 20 वर्षीय छात्र सुमित की मौत हो गई। घटना बुधवार शाम 6 बजे की है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में मातम पसर गया।
मिली जानकारी के अनुसार, चिड़ावा के नजदीकी हीरवा निवासी 20 वर्षीय सुमित पुत्र अशोक पुजारी शाम करीब 6 बजे अपने घर के नजदीक एक खेत में मजदूरी कर रहा था। सुमित खेत में पानी देने के लिए मोटर लगा रहा था। जैसे ही सुमित ने पानी की मोटर का तार प्लग में डाला, वह अचानक करंट की चपेट में आ गया।
करंट लगने के बाद परिजन सुमित को गंभीर हालत में एक निजी वाहन से तुरंत चिड़ावा के उप जिला अस्पताल लेकर भागे। लेकिन, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने सुमित को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। इधर, हादसे की खबर मिलते ही परिजन और गांव के लोग बड़ी संख्या में उप जिला अस्पताल में इकट्ठा हो गए।
परिवार वालों ने बताया कि पांच भाई बहनों में से एक सुमित अभी पढ़ाई कर रहा था। इतनी कम उम्र में होनहार बेटे के चले जाने से परिवार पर गहरा सदमा लगा है और घर में कोहराम मचा हुआ है। इस घटना ने पूरे हीरवा गांव को झकझोर कर रख दिया है।





