झुंझुनूं में 5 अक्टूबर को भीम आर्मी का जिला सम्मेलन, अंबेडकर भवन में तैयारियाँ जोरों पर

झुंझुनूं: जिला मुख्यालय के मंडावा मोड़ स्थित अंबेडकर भवन में 5 अक्टूबर को भीम आर्मी भारत एकता मिशन के तत्वाधान में एक दिवसीय जिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस सम्मेलन को लेकर संगठन कार्यकर्ताओं और बहुजन समाज में जबरदस्त उत्साह है।

सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विकास आल्हा करेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश प्रभारी अनिल धेनवाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र हटवाल विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि प्रदेश महासचिव रघुवीर सिंह जोसवाल अतिथि के रूप में भाग लेंगे। मुख्य वक्ता एडवोकेट हरीश पंवार होंगे।

प्रदेश सचिव बनने के बाद पहली बार झुंझुनूं आ रहे डॉ. शंकुन सिंह का संगठन की ओर से भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर से आने वाले कार्यकर्ता उनका अभिनंदन करेंगे।

कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन कार्यकर्ता लगातार गांव-ढाणी तक बहुजन समाज से संपर्क कर रहे हैं। सम्मेलन के जरिए संगठन बहुजन समाज को नई दिशा और ऊर्जा देने का संकल्प ले रहा है।

जिलाध्यक्ष विकास आल्हा ने कहा कि यह सम्मेलन बहुजन समाज की एकजुटता का प्रतीक बनेगा। जिलेभर से कार्यकर्ताओं की भागीदारी संगठन को नई शक्ति प्रदान करेगी।

Leave a comment

error: Content is protected !!