झुंझुनूं: जिले के चनाना गांव के तारा का बास निवासी अभिषेक नेहरा ने UPSC द्वारा आयोजित इंडियन इकोनॉमिक सर्विस (IES) परीक्षा 2025 में देशभर में सातवां स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया। इस सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और जिले का नाम रोशन कर दिया है।
अभिषेक नेहरा की इस उपलब्धि से चनाना गांव में उत्सव जैसा माहौल है। लोग मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। माता-पिता दिलीप नेहरा और अनीता नेहरा ने बेटे की इस उपलब्धि को मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया।
UPSC IES परीक्षा में टॉप रैंक लाने के बाद अभिषेक अब एक वर्ष की ट्रेनिंग के बाद भारत सरकार के वित्त मंत्रालय में सहायक निदेशक (Assistant Director) के पद पर कार्यभार संभालेंगे।
अभिषेक ने बताया कि वह पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से प्रेरित हैं। डॉ. सिंह ने भी अपने करियर की शुरुआत इसी सेवा से की थी। उनकी नीतिगत दूरदर्शिता और कार्यशैली ने अभिषेक को जनसेवा की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अभिषेक का सपना है कि वे प्रभावी सार्वजनिक नीतियों (Public Policies) पर काम कर समाज के हर वर्ग को समान अवसर दिला सकें। उनकी सफलता अब जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।





