चिड़ावा: सोमानी एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित चिड़ावा कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज 2 अक्टूबर को श्रद्धांजलि सभा और कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय प्राचार्य डॉ ऋचा कुलश्रेष्ठ के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें गांधी जी के प्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई।
सभा में वक्ताओं ने लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। साथ ही महात्मा गांधी के अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांतों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे और दोनों महान विभूतियों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।





