चिड़ावा: बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। नजदीकि इस्माइलपुर गांव में चिड़ावा – मंड्रेला रोड़ पर स्थित आर एस फौजी सीमेंट पाइप फैक्ट्री परिसर में पानी के होद में डूबने से 6 साल के मासूम दीपू की मौत हो गई। मासूम के माता-पिता गजानंद और सावित्री फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं।
जानकारी के अनुसार, टोंक जिले के रहने वाले गजानंद और उनकी पत्नी सावित्री इस्माइलपुर स्थित आर एस फौजी सीमेंट पाइप फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। बुधवार सुबह उनका 6 वर्षीय बेटा दीपू फैक्ट्री परिसर में बने पानी के होद के पास खेल रहा था। अचानक खेलते-खेलते वह पानी में गिर गया और डूब गया।
आसपास मौजूद लोगों ने दीपू को पानी से बाहर निकाला और निजी वाहन से चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर संत कुमार जांगिड़ ने जांच कर बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही माता-पिता गजानंद और सावित्री बदहवास हो गए।
दीपू अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी एक बड़ी बहन भी है। बेटे की मौत से मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। फैक्ट्री में काम करने वाली अधिकतर लेबर टोंक जिले से आती है और आपस में रिश्तेदार हैं। ऐसे में पूरा मजदूर समुदाय गमगीन है।





