चिड़ावा: सोमानी एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित चिड़ावा कॉलेज में शनिवार को करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में “कड़ी मेहनत बनाम समझदारी से काम” (Hard Work vs Smart Work) और “शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता” (AI in Education) विषय पर समूह चर्चा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपने वक्तृत्व कौशल और ज्ञान का परिचय दिया।
चर्चा में विज्ञान स्नातक तृतीय वर्ष के मयंक, वाणिज्य स्नातक प्रथम वर्ष के गौतम, विज्ञान स्नातक द्वितीय वर्ष की निधि, विज्ञान स्नातकोत्तर (पूर्वार्द्ध) की अंशिका, विज्ञान स्नातक द्वितीय वर्ष की मनीषा तथा विज्ञान स्नातक तृतीय वर्ष के विशाल सहित कई छात्रों ने अपने विचार साझा किए।
सभी वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की आवश्यकता और महत्व पर जोर दिया। प्रतिभागियों ने कहा कि बदलते समय में कड़ी मेहनत को समझदारी से काम में बदलने की क्षमता ही सफलता की असली कुंजी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. ऋचा कुलश्रेष्ठ ने की। उन्होंने छात्रों को कैरियर निर्माण की दिशा में सावधानी बरतने और कठिन परिश्रम के साथ समझदारी अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता नवनीता शर्मा और इतिशा जांगिड़ ने किया।
इस अवसर पर करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी कुलदीप भगत, सरिता सेनी सहित पूरा स्टाफ उपस्थित रहा और छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान किया।






