हरियाणा की 30 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक बलात्कार: नौकरी का झांसा देकर बुलाया, चिड़ावा में पिस्तौल की नोक पर किया रेप, 3 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

झुंझुनू: जिले के चिड़ावा में हरियाणा की एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। महिला ने पुलिस को दी रिपोर्ट में 3 युवकों पर पिस्तौल की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। दुष्कर्म की शिकार महिला शादीशुदा है और अपने गांव में सिलाई का काम करती है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट में हरियाणा के चरखी दादरी जिले की पीड़िता ने जानकारी दी है कि 15-20 दिन पहले उसने अपने फोन पर पहले से डायल एक नंबर पर कॉल किया तो फोन जब्बार नामक युवक ने उठाया। महिला ने रॉन्ग नंबर बता कर कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया लेकिन इसके बाद फोन व व्हाट्सएप पर मैसेज आने लगे। कॉल करने वाले युवक ने महिला को बताया कि मेरी खूब चलती है और तुम्हें सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी लगवा दूंगा। इंटरव्यू के लिए अच्छे कपड़े पहन कर आना। महिला ने कॉल करने वाले युवक को बताया कि उसके पास सूट खरीदने के लिए पैसे नहीं है। तब युवक ने उसे बाजार से सूट खरीदने के लिए कहा, जिसका भुगतान भी जब्बार ने फोन पे के जरिए किया।

महिला द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार 27 अगस्त को आरोपी युवक ने उसके गांव जाकर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी के लिए हाइट और वेट लेकर 1000 रूपए किराए के दिए। इसके बाद 28 अगस्त को 11 बजे फोन कर के नौकरी के इंटरव्यू के लिए पिलानी बुलाया। इंटरव्यू का कॉल आने के बाद महिला अपने गांव से रवाना होकर 3:30 बजे पिलानी पहुंची जहां काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी (नम्बर RJ 18UB 7056) में जब्बार उसे लेने पहुंचा। गाड़ी में जब्बार के साथ दो लोग और भी थे। पिलानी से तीनों युवक उसे अपने साथ गाड़ी में चिड़ावा लेकर आए जहां एक बिल्डिंग में लेकर गए। बिल्डिंग में नीचे गौदाम थी और ऊपर एक फ्लैट था, जहां महिला को ले जाया गया।

महिला के अनुसार फ्लैट पर ले जाने के बाद जब्बार ने उसके सर पर पिस्तौल तान कर कहा कि अपने कपड़े उतारो, इसके बाद पहले जब्बार ने और फिर अन्य दोनों युवकों ने भी बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार किया। आरोप है कि उक्त फ्लैट में युवकों ने महिला को जबरन एक घंटे तक बंधक बना कर रखा। फिर उसे अपनी गाड़ी से वापस उसके गांव छोड़ गए। आरोपी युवकों ने महिला को धमकी भी दी कि अगर किसी को कुछ भी बताया तो जान से मार देंगे।

पीड़ित ने घर पहुंच कर अपने भाई को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद शनिवार को परिवार के लोग उसे लेकर चिड़ावा पहुंचे और थाने में तीनों आरोपीयों जब्बार, भांजा व सोनू के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दी। मामला दर्ज करते हुए महिला को मेडिकल के लिए चिड़ावा उप जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि रात को महिला का मेडिकल नहीं हो सका। बाद में शनिवार सुबह मेडिकल बोर्ड से महिला का मेडिकल चेकअप करवाया गया।

जानकारी मिली है कि पुलिस ने इस प्रकरण में एक युवक को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य दो युवकों की तलाश जारी है। तफ्तीश चिड़ावा डीएसपी विकास धींधवाल कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!