चिड़ावा: शहर के सनातन आश्रम परिसर स्थित महालक्ष्मी धाम में तीन दिवसीय वार्षिक मूर्ति स्थापना समारोह श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में शुक्रवार 4 जुलाई से आरंभ होगा। यह आयोजन 6 जुलाई तक चलेगा, जिसमें विविध धार्मिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। गुरुवार को आयोजन समिति ने अंतिम तैयारियों को पूर्ण कर लिया।

आयोजन की जानकारी देते हुए सनातन आश्रम विकास समिति के सदस्य गिरधर गोपाल महमियां ने बताया कि शुक्रवार सुबह 9:15 बजे गणेश पूजन के साथ समारोह का शुभारंभ होगा। इसी दिन दोपहर 3:15 बजे से संगीतमय गीता अमृत मंगल पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

समारोह के दूसरे दिन शनिवार 5 जुलाई को दोपहर 3:15 बजे संगीतमय श्रीरामायण पाठ का विशेष आयोजन किया जाएगा, जो भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण निर्मित करेगा।

रविवार 6 जुलाई को आयोजन का मुख्य दिन रहेगा। इस दिन सुबह 9:15 बजे महालक्ष्मी यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ के समापन के बाद 10:15 बजे महाआरती का आयोजन होगा और फिर 11:15 बजे से उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

पूरे आयोजन का संयोजन वाणीभूषण प्रभुशरण तिवाड़ी, उनके सहयोगी सदस्य, भगवत जन परिवार तथा सनातन आश्रम विकास समिति द्वारा किया जा रहा है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में भाग लें और धर्मलाभ प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!