पिलानी: कस्बे के पास नेशनल हाईवे-709 पर शुक्रवार रात करीब आठ बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। रायला मोड़ के पास दो स्विफ्ट कारों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे एक कार कई पलटे खाते हुए सड़क से नीचे खाई में जा गिरी और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। हादसे की तेज आवाज और आग की लपटें देखकर आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार पिलानी निवासी सुनील जांगिड़ अपनी स्विफ्ट कार से राजगढ़ से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रायला मोड़ से पिलानी की ओर मुड़े, उसी समय सामने से तेज गति से आ रही हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के प्रभाव से हरियाणा नंबर की कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी खाकर हाईवे से नीचे खड्ड में जा गिरी और उसमें आग लग गई।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई, कार को सीधा किया और शीशे तोड़कर अंदर फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला। इस कार में पुष्पेंद्र निवासी बड़ी थिरपाली, अंकित निवासी राजगढ़, अशोक और कार्तिक निवासी गोल चक्कर, पिलानी सवार थे। इनमें पुष्पेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य तीन युवकों को भी चोटें आई हैं। वहीं, दूसरी कार चला रहे सुनील जांगिड़ को हल्की चोटें लगी हैं।

घटना की सूचना पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी नितेश पूनिया और पायलट ख्यालीराम ने तत्काल घायलों को पिलानी के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं, पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की। स्थानीय लोगों द्वारा समय पर की गई मदद के कारण बड़ा हादसा और जनहानि टल गई। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाकर मार्ग को सामान्य करवाया और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!