चिड़ावा: शहर में विद्युत सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। झुंझुनूं में स्थित सहायक अभियंता (एफआईएस फील्ड इंस्पेक्शन स्क्वाड) कार्यालय को अब स्थानांतरित कर चिड़ावा में स्थापित किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा नेता व झुंझुनूं जिला महामंत्री राजेश दहिया ने बताया कि यह स्थानांतरण उनकी अनुशंसा पर किया गया है।

राजेश दहिया ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर और अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पी वर्मा का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से चिड़ावा क्षेत्र के लोगों को बार-बार होने वाली विद्युत ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिलेगी और निर्बाध, सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

जारी आदेश के अनुसार सहायक अभियंता (ए.आई.एस.-प्रथम) झुंझुनूं के पद पर कार्यरत रहे अधिकारी को विद्युत वितरण कार्यालय झुंझुनूं से हटाकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय (ए.ईएन.), चिड़ावा में भेजा गया है। वहीं, सहायक अभियंता (ए.आई.एस.-द्वितीय) झुंझुनूं, जो अधीक्षण अभियंता (ए.ईएन.) कार्यालय, चिड़ावा में तैनात थे, उन्हें अब अधीक्षण अभियंता (ए.ईएन.) कार्यालय झुंझुनूं में नियुक्त किया गया है।

एफआईएस कार्यालय की उपस्थिति से स्थानीय स्तर पर विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सकेगा और निरीक्षण, सुधार व निगरानी प्रक्रिया में गति आएगी। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने भी इस पहल का स्वागत किया है, जो क्षेत्र में विकास और सुविधाओं की दृष्टि से एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!