सूरजगढ़: क्षेत्र में शुक्रवार को जाखोद रोड पर मैदाराम की ढाणी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना उस समय हुई जब बाइक सवार युवक के साथ दो महिलाओं और एक बच्ची ने कुछ दूर के लिए लिफ्ट ली थी। थोड़ी ही दूरी पर पहुंचने के बाद सामने से आ रहे ट्रैक्टर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही सामाजिक संस्था जीवन ज्योति रक्षा समिति की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सूरजगढ़ के राजकीय अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल आनंद पुत्र राजवीर निवासी फरट को जिला अस्पताल झुंझुनूं भेजा गया, जबकि सुनिता पत्नी विकेश, सुनिता पत्नी सोमवीर और नव्या पुत्री सोमवीर निवासीगण भापर को चिड़ावा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क से दूर जा गिरी और सभी सवारों को काफी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद जाखोद रोड पर कुछ समय के लिए यातायात अवरुद्ध रहा। सामाजिक संस्था के स्वयंसेवकों ने राहत कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई और घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा दिलाने में सहायता की।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक सामने आए ट्रैक्टर को हादसे की वजह माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सड़कों पर ट्रैफिक नियमों के सख्त पालन और सुरक्षा चिह्नों की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!