चिड़ावा: सार्वजनिक बोरवेल की केबल काटने के मामले में एक गिरफ्तार, दो फरार, वीडियो हुआ वायरल

चिड़ावा: झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे में सोमवार को बाईपास मुक्तिधाम के निकट स्थित सार्वजनिक बोरवेल की केबल काटे जाने और गाली गलौज की घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना से आक्रोशित वार्ड नंबर 1, 2, 3 और 40 के निवासी मंगलवार सुबह जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को अवगत कराया कि जब वे पानी की आपूर्ति शुरू करने के लिए बोरवेल को चालू करने पहुंचे, तभी तीन स्थानीय युवकों ने वहां पहुंचकर केबल काट दी और गाली-गलौज करने लगे। विभाग की सहायक अभियंता सविता चौधरी ने इस संबंध में चिड़ावा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई जिसमें महेंद्र पुत्र सोहनलाल कटारिया, उत्तम पुत्र शंकरलाल और हजारीलाल पुत्र हरिराम कटारिया के नाम शामिल हैं।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए चिड़ावा थाना प्रभारी आशाराम गुर्जर ने एक विशेष टीम का गठन किया। टीम का नेतृत्व कर रहे एएसआई ओमप्रकाश नरुका ने रिपोर्ट दर्ज होने के महज एक घंटे के भीतर हजारीलाल पुत्र हरिराम कटारिया को पकड़ लिया। वहीं महेंद्र और उत्तम कटारिया फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाए ताकि सार्वजनिक संसाधनों से छेड़छाड़ और अव्यवस्था फैलाने वालों पर लगाम लगाई जा सके। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की तलाश जारी है और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!