श्योपुरा गांव में बिजली व्यवस्था का निरीक्षण, जर्जर तार, झूलती लाइनें और ट्रांसफार्मरों की स्थिति का लिया गया जायजा, जनसुनवाई में उठी थी मांग, दो दिन में समाधान का भरोसा

चिड़ावा: उपखंड क्षेत्र के श्योपुरा गांव में लंबे समय से चल रही बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। कनिष्ठ अभियंता अरुण कुमार के नेतृत्व में पहुंची तकनीकी टीम ने गांव के विभिन्न हिस्सों में लगे ट्रांसफार्मरों, जर्जर तारों और झूलती हुई लाइनों की स्थिति को देखा और मरम्मत सहित आवश्यक सुधार कार्यों की योजना बनाई।

यह दौरा डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता एम के टिबड़ा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई के बाद हुआ, जिसमें सामाजिक कार्यकर्ता व युवा नेता विक्रांत जाखड़ ने गांव में बिजली से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने गांव की स्थिति से संबंधित ज्ञापन विभाग को सौंपते हुए त्वरित समाधान की मांग की थी।

दौरे के दौरान जेईएन अरुण कुमार ने गांव की गलियों में घूमकर कमजोर पोल, ढीले कनेक्शन और पुराने तारों की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी शिकायतों को सुना और बताया कि विभाग जनहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि दो दिनों के भीतर प्राथमिकता वाले कार्यों को पूरा कर दिया जाएगा और अन्य तकनीकी समस्याओं का विश्लेषण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

इस निरीक्षण दौरे के दौरान विक्रांत जाखड़ की सक्रियता भी देखने को मिली। उन्होंने अधिकारियों को गांव के हर प्रभावित हिस्से तक ले जाकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया और समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करने की अपील की। ग्रामीणों ने भी इस पहल को सकारात्मक बताया और उम्मीद जताई कि अब उन्हें बिजली आपूर्ति में सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!