सूरजगढ़ में फर्जी लूट का खुलासा, सेल्समेन ने खुद रची थी साजिश, ऑनलाइन गेम के कर्ज से था परेशान

झुंझुनूं: सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में सामने आए तीन लाख रुपये से अधिक की कथित लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि यह पूरी लूट की कहानी खुद परिवादी ने ही गढ़ी थी। आरोपी सेल्समेन संदीप कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब लूट की रकम और वारदात में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

जानकारी के अनुसार फाइनेंस कंपनी में कार्यरत सेल्समेन संदीप कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर कंपनी के तीन लाख से अधिक की राशि लूट ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के निर्देशन में सूरजगढ़ थानाधिकारी हेमराज की अगुवाई में एक टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस को संदीप की कहानी में कई विरोधाभास मिले। जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो संदीप ने सच स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह एविएटर नामक ऑनलाइन गेम में बड़ी रकम हार चुका था और उस पर कर्ज का दबाव था। इसी से परेशान होकर उसने फर्जी लूट की साजिश रची, ताकि कंपनी की राशि हड़पकर अपना कर्ज चुका सके।

पुलिस अधिकारी हेमराज ने बताया कि आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और उसकी निशानदेही पर लूट की रकम और वाहन की तलाश की जा रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई को टीम की सतर्कता और तकनीकी जांच का नतीजा बताया जा रहा है।

इस घटनाक्रम ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग के बढ़ते प्रभाव और उसके कारण युवाओं में बढ़ते आर्थिक संकट को उजागर किया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा और किसी भी प्रकार की फर्जी रिपोर्ट पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!