वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत सौंथली में ट्यूबवेल पूजन, मंत्री ने पेड़ के नीचे ली बैठक

झुंझुनूं, 15 जून 2025: जल संरक्षण को लेकर जिले के नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सौंथली गांव में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने गांव में स्थापित ट्यूबवेल का पूजन कर निरंतर जल प्रवाह की कामना की और जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया।

इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी परिधान में मंगल गीतों के साथ कलश यात्रा निकाली, जो ग्रामीण संस्कृति और जल अभियान की सामूहिक भावना को दर्शा रही थी। कार्यक्रम में अविनाश गहलोत के साथ नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, अभियान संयोजक विशंभर पूनिया, रवि सैनी, दिनेश कायस्थपुरा और प्यारेलाल ढूकिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने जल संरक्षण के प्रतीक के रूप में ट्यूबवेल को वरुण देवता मानकर पूजन किया और जल सुरक्षा का संकल्प लिया।

Advertisement's
Advertisement’s

मंच से अपने संबोधन में अविनाश गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सराहना करते हुए उन्हें जल भागीरथ की संज्ञा दी और कहा कि उनके नेतृत्व में जल संरक्षण एक जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि जल, रोजगार, पौधारोपण, कानून व्यवस्था, नशामुक्ति सहित हर क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक कार्य हो रहे हैं। योग दिवस को प्रदेशभर में उत्सव की तरह मनाकर हम समाज को स्वस्थ जीवन की दिशा में प्रेरित कर रहे हैं। गहलोत ने कहा कि इन कार्यक्रमों से न केवल व्यक्ति स्वयं को बल्कि पूरे समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों के माध्यम से राजस्थान देश का अग्रणी राज्य बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक विक्रम सिंह जाखल द्वारा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकास मांगें भी मंत्री के समक्ष रखी गईं। गहलोत ने आश्वस्त किया कि सरकार उनकी अधिकांश मांगों पर गंभीरता से काम कर रही है और विधायक ने बीते डेढ़ वर्ष में जनहित के अनेक मुद्दों को मजबूती से उठाया है।

कार्यक्रम का संचालन एडीईओ उम्मेद सिंह महला ने किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों में हर्षिनी कुलहरी, शुभकरण चौधरी, विशंभर पूनिया, सुनील सोमरा, प्यारेलाल ढूकिया, रवि सैनी और सौथली की सरपंच परमेश्वरी देवी शामिल रहीं।

बरगद के पेड़ के नीचे समीक्षा बैठक, मंत्री ने दिया प्रकृति से जुड़ने का संदेश

कार्यक्रम के उपरांत अविनाश गहलोत ने नवाचार करते हुए अधिकारियों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सौंथली में बरगद के पेड़ के नीचे ली। उन्होंने कहा कि प्रकृति से जुड़ने की आवश्यकता है और केवल कूलर-एसी युक्त बंद कमरों की बजाय खुले वातावरण में बैठकर योजनाओं की समीक्षा करना भी आवश्यक है। उन्होंने जल संरक्षण और पौधारोपण के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए विद्यालय परिसर की चारदिवारी शीघ्र पूर्ण कराने की बात कही।

Advertisement's
Advertisement’s

बैठक के दौरान मंत्री ने बिजली आपूर्ति में सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 96 प्रतिशत सत्यापन पूर्ण करने पर सामाजिक न्याय विभाग के उपनिदेशक पवन पूनिया की सराहना की। साथ ही मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी से पीड़ितों को अधिकतम सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

इस मौके पर कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक देवेंद्र चौधरी, जिला परिषद एसीईओ रामनिवास चौधरी, नवलगढ़ एसडीएम जयसिंह, पीएचईडी एसई राजपाल सिंह, वाटरशेड विभाग के एक्सईएन कृष्ण बाबल, डीएसओ निकिता राठौड़, एसीएफ हरेंद्र भाखर, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक राजेंद्र लांबा, उद्योग विभाग के सहायक आयुक्त अभिषेक चोबदार, कोषाधिकारी सतीश कुमार, एडीईओ प्रमोद आबूसरिया, सीसीबी के एमडी संदीप शर्मा, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक शिवरतन और जनसम्पर्क अधिकारी हिमांशु सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!