नीट-यूजी 2025 का परिणाम घोषित, हनुमानगढ़ के महेश कुमार ने हासिल की ऑल इंडिया रैंक 1

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2025 का परिणाम जारी कर दिया गया है, जिससे राजस्थान समेत पूरे देश के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। इस बार परीक्षा में हनुमानगढ़ निवासी महेश कुमार ने देशभर में पहली रैंक हासिल कर राजस्थान को गौरवान्वित किया है। महेश कुमार ने सीकर की गुरुकृपा कोचिंग संस्थान से तैयारी की थी। परीक्षा केंद्र उनका श्रीमाधोपुर में आया था।

Advertisement's
Advertisement’s

महेश ने बताया कि शुरुआत में बायोलॉजी विषय में उन्हें कठिनाई आती थी, क्योंकि इसमें निरंतर प्रश्न अभ्यास की आवश्यकता होती है। पहले दो वर्षों तक इस विषय में आत्मविश्वास की कमी रही, लेकिन मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने यह कमजोरी दूर की। परीक्षा से करीब सात-आठ दिन पहले उनकी मां ने छुट्टी लेकर उनके साथ रहकर उनका मनोबल बढ़ाया। माता-पिता दोनों सरकारी शिक्षक हैं, लेकिन कभी भी उन्होंने महेश पर पढ़ाई को लेकर दबाव नहीं डाला। परिणाम चाहे जैसा भी हो, उन्होंने हमेशा प्रोत्साहित किया।

टॉप 15 रैंक में राजस्थान के सात विद्यार्थियों ने जगह बनाई है, जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। तनय को 13वीं, सौम्य शर्मा को 14वीं और मानवेंद्र सिंह राजपुरोहित को 15वीं रैंक मिली है। इसके अतिरिक्त कोटा में पढ़ाई करने वाले तीन विद्यार्थियों ने टॉप-10 में स्थान प्राप्त किया है। दिल्ली के मृणाल किशोर झा को चौथी, चंडीगढ़ के केशव मित्तल को सातवीं और अहमदाबाद के भव्य झा को आठवीं रैंक प्राप्त हुई है। ये तीनों छात्र कोटा स्थित एलेन कोचिंग संस्थान से जुड़े रहे हैं।

Advertisement's
Advertisement’s

महेश कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, अनुशासन और माता-पिता के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का पेपर अपेक्षा से अलग और चुनौतीपूर्ण था, इसलिए टॉप करने की उम्मीद नहीं थी। लेकिन परिणामों ने उन्हें सुखद आश्चर्य चकित कर दिया।

नीट यूजी 2025 परीक्षा में 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। परीक्षा 4 मई को देशभर में एक ही सत्र में आयोजित की गई थी। इसका प्रोविजनल उत्तर कुंजी 3 जून को जारी हुआ था, जिसके बाद 5 जून तक आपत्तियां ली गईं। अब अंतिम परिणाम जारी हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!