चिड़ावा: बाईपास पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, चालक फरार

चिड़ावा (झुंझुनूं): मंगलवार रात करीब नौ बजे सूरजगढ़ बाईपास रोड पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। आर एन होटल के सामने एक तेज गति से आ रही बोलेरो ने सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति को जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव गोविंदपुरा, मंड्रेला निवासी अमर सिंह धत्तरवाला पुत्र बृजलाल, उम्र 70 वर्ष के रूप में हुई है।

अमर सिंह अपनी पत्नी ननकोरी देवी के इलाज के लिए बाईपास स्थित डीएसएम अस्पताल आए हुए थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी चार दिन से अस्पताल में भर्ती है। रात को किसी काम से वे अस्पताल के बाहर निकले थे, इसी दौरान हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो वाहन (नंबर एचआर 18 ई 8595) की रफ्तार बहुत तेज थी और टक्कर के बाद अमर सिंह करीब 60 से 70 फीट दूर जा गिरे। चालक हादसे के तुरंत बाद वाहन समेत झुंझुनूं की ओर भाग गया। वहां मौजूद अन्य वाहन चालकों में से एक ने तत्परता दिखाते हुए फरार बोलेरो का नंबर मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने गंभीर हालत में अमर सिंह को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है।

सूचना मिलने पर चिड़ावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई ताराचंद अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!