नंगली सलेदीसिंह के बहलवान नगर में बड़ी चोरी की वारदात, नकाबपोशों ने युवक को बंधक बनाकर उड़ाए नकदी व जेवरात

खेतड़ी: नंगली सलेदीसिंह ग्राम पंचायत स्थित बहलवान नगर में रविवार रात एक बड़ी चोरी की वारदात को अज्ञात नकाबपोशों ने अंजाम दिया। चोरों ने मकान की खिड़की तोड़कर घर में रखे चार लाख पचहत्तर हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के वक्त छत पर सो रहे युवक को आरोपियों ने बंधक बनाकर रखा। वारदात के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और सोमवार दोपहर को बड़ी संख्या में लोग सरपंच प्रतिनिधि पाबुदानसिंह के नेतृत्व में खेतड़ीनगर थाने पहुंचे और मामले की त्वरित जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी व चोरी का सामान बरामद करने की मांग की।

चोरी का शिकार हुए सत्यवीर सिंह यादव ने पुलिस को बताया कि वह दूध बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता है। उसने बताया कि उसके पास दूध की बिक्री की बचत के करीब पांच लाख रुपए नकद थे, जिन्हें वह घर में ही संभालकर रखता था। रविवार रात वह घर के बाहर चौक में सो रहा था, तभी रात करीब दो बजे कुत्तों के भौंकने की आवाज पर उसकी नींद खुली। जब वह मकान के अंदर गया तो देखा कि पीछे की दीवार की जाली टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखी नकदी के साथ चार जोड़ियां चांदी की पायल, एक सोने की चेन, कान का एक बाला और नाक का कांटा गायब था।

पीड़ित ने बताया कि वारदात के वक्त उसका भतीजा रोनक यादव छत पर सो रहा था, जिसे चोरों ने बंधक बनाकर रखा ताकि चोरी में कोई व्यवधान न आए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर कैंपर गाड़ी में सवार होकर भाग निकले। ग्रामीणों ने पीछा भी किया लेकिन आरोपी तेज गति से वाहन भगाकर फरार हो गए।

थानाधिकारी विजयसिंह चंदेल ने बताया कि बहलवान नगर निवासी सत्यवीर सिंह की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन से चार दिन में मामले का खुलासा नहीं होता, तो वे थाना घेराव करेंगे। थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का भी काम शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!