गुढ़ागौड़जी (झुंझुनूं): कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक अज्ञात राहगीर की दर्दनाक मौत हो गई। सुबह करीब आठ बजे बस का इंतजार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार और ओवरलोड डंफर ने कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मृतक के सिर और शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और शव की पहचान कर पाना मुश्किल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को सड़क से हटाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में भिजवाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंफर तेज गति से स्टैंड के पास से गुजर रहा था और चालक ने वाहन पर नियंत्रण नहीं रखा, जिससे वह सीधे व्यक्ति से टकरा गया। हादसे के बाद चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया।

शव की स्थिति इतनी गंभीर थी कि पुलिस को उसे प्लास्टिक के कट्टे में डालकर अस्पताल पहुंचाना पड़ा। अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और संभावित लापता लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बताया कि कस्बे के मुख्य मार्गों और बस स्टैंड के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाएं ताकि रिहायशी क्षेत्रों और मुख्य बाजार से होकर डंफर जैसे बड़े वाहन न गुजरें।

साथ ही लोगों ने यह भी आग्रह किया है कि ओवरलोड और तेज गति से दौड़ने वाले वाहनों पर निगरानी रखने के लिए नियमित जांच व्यवस्था लागू की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे वाहनों की सख्ती से जांच की जाती, तो इस तरह की दुखद घटना को रोका जा सकता था।

पुलिस ने मृतक की पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी है और हादसे में शामिल डंफर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!