चिड़ावा: कस्बे के मावंडिया की ढाणी में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब तीन बजे रसोईघर में रखे एक गैस सिलेंडर में आग लगने की घटना सामने आई। इस दुर्घटना में सौरभ सैनी नामक युवक झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बीडीके अस्पताल झुंझुनूं रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सौरभ उस समय रसोईघर के बाहर रखे गैस चूल्हे पर चाय बना रहा था। तभी रसोई के भीतर रखे एक अन्य गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से सौरभ घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजन और आस-पड़ोस के लोग मौके पर एकत्र हो गए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर चिड़ावा फायर ब्रिगेड की टीम लगभग 10 से 12 मिनट में मौके पर पहुंच गई। फायर टीम प्रभारी दीपक जांगिड़ की निगरानी में ड्राइवर दयाराम और कृष्ण सैनी ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए स्थिति पर काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और आग को फैलने से रोक दिया गया।

घटना के संदर्भ में घायल सौरभ के पिता मोतीलाल सैनी ने बताया कि कल उनके पिता रामेश्वर लाल सैनी का एकादशा था इसलिए घर में रात भर जागरण का आयोजन चल रहा था। इसी कार्यक्रम के दौरान यह हादसा घटित हुआ। अचानक हुई इस घटना से घर के सभी सदस्य दहशत में आ गए।

स्थानीय प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। समय पर फायर ब्रिगेड की कार्रवाई और ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ी जनहानि टल गई। फिलहाल सौरभ का इलाज जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!