झुंझुनूं: जिले के सुलताना कस्बे में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज गति से आ रही एक पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। यह घटना हरनारायण अस्पताल के पास स्थित चौराहे पर करीब 6 बजकर 58 मिनट पर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक लगभग 50 फ़ीट दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक की पहचान नवीन सोनी पुत्र राजेंद्र सोनी निवासी सुलताना के रूप में हुई है। नवीन किसी कार्य से घर से निकला था और रास्ते में यह हादसा हो गया। गम्भीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के लिए रेफर कर दिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिड़ावा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप किठाना की दिशा में जा रही थी, जब यह दुर्घटना घटित हुई। हादसे के वक्त चौराहे पर खड़ा एक सफाई कर्मचारी भी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचा। टक्कर की तीव्रता से वह सड़क किनारे जा गिरा, हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं लगी है।

घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में हादसे की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि पिकअप की गति अत्यधिक तेज थी और चालक ने बाइक सवार को टक्कर मारते हुए वाहन तेजी से भगाते हुए वहां से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही सुलताना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी रविन्द्र सैन के नेतृत्व में पुलिस दल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि पिकअप चालक मौके से फरार हो गया है और वाहन की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

रविन्द्र सैन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन की शिनाख्त की जा रही है। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा क्षेत्र में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान हो सके।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हादसे पर चिंता जताई है और कस्बे में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!