सूरजगढ: जोहड़ भूमि में फिर लगी आग, सूरजगढ़ की फायर ब्रिगेड व्यवस्था पर उठे सवाल, चिड़ावा से बुलानी पड़ी फायर ब्रिगेड, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

सूरजगढ़, 10 मई 2025: काकोड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत झाझड़ियों की ढाणी स्थित मास्टर वाली जोहड़ी में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने की घटना सामने आई। करीब 12 बजे लगी इस आग ने थोड़ी ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

Advertisement's
Advertisement’s

स्थानीय निवासियों ने स्थिति को देखते हुए तुरंत ट्रैक्टरों की सहायता से जोहड़ के चारों ओर खुदाई कर दी, जिससे आग का फैलाव रोका जा सका। घटना की सूचना मिलने के बाद चिड़ावा से पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर नियंत्रण पाया।

फायर ब्रिगेड के साथ पहुंचे नरेश राव और अनिल चौधरी की तत्परता के चलते समय रहते आग को बुझा दिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सूरजगढ़ नगरपालिका की फायर ब्रिगेड लंबे समय से खराब पड़ी है, जिस कारण हर बार आगजनी की घटनाओं में चिड़ावा से दमकल बुलानी पड़ती है। इस प्रक्रिया में देरी होने से खतरे की आशंका और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए और स्थानीय फायर ब्रिगेड को शीघ्र ठीक करवाना चाहिए।

Advertisement's
Advertisement’s

गौरतलब है कि इस क्षेत्र में दो महीने पूर्व, 11 मार्च को भी इसी स्थान पर आगजनी की एक घटना घट चुकी है। बार-बार आग लगने की घटनाएं अब चिंता का विषय बन चुकी हैं। फिलहाल, आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए सूरजगढ़ में दमकल सेवा को सुचारू रूप से दुरुस्त किया जाए और अग्निकांड की घटनाओं की जांच कर स्थायी समाधान निकाला जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!