चिड़ावा: रविवार देर रात चिड़ावा शहर के रीको औद्योगिक क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 5-6 गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद बदमाशों ने एक शराब ठेकेदार के सेल्समैन की गाड़ी को टक्कर मारकर लगभग ₹26 हजार की नकदी लूट ली। बदमाशों ने सेल्समैन को पीटने का भी प्रयास किया, लेकिन वह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा निवासी सुरेंद्र सेन का चिड़ावा सर्किल में रीको और स्वामी सेही सहित कई स्थानों पर शराब का ठेका है। झज्जर का हरेंद्र सिंह इस ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। रात करीब 8:30 बजे हरेंद्र सिंह रीको क्षेत्र के शराब ठेके से कलेक्शन लेकर गाड़ी से चिड़ावा लौट रहा था। इसी दौरान राकेश, जेपी, अजय और उनके 20-25 साथियों ने पांच-छह गाड़ियों में हरेंद्र सिंह की गाड़ी को घेर लिया और हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घबराए हुए सेल्समैन हरेंद्र ने भागने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद हरेंद्र गाड़ी से कूदकर भागा और अपनी जान बचाई। इस बीच, बदमाशों ने रॉड और सरियों से गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की और गाड़ी में रखे ₹26,500 निकालकर फरार हो गए।

बाद में, सेल्समैन हरेंद्र सिंह ने ठेकेदार सुरेंद्र सेन को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही नया बस स्टैंड चौकी प्रभारी बलबीर चावला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश शुरू की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी बदमाश गाड़ियों में सवार होकर भाग चुके थे। पुलिस ने पीड़ित सेल्समैन की गाड़ी को थाने पहुंचाया और देर रात तक आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास जारी थे।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी राकेश, जेपी, अजय और उनके साथी सुरेंद्र सेन द्वारा सर्किल में शराब का ठेका चलाने से नाराज हैं और पहले भी ठेका बंद कराने की धमकी दे चुके हैं। पीड़ित सेल्समैन हरेंद्र सिंह ने बताया कि वह पहले स्वामी सेही शराब ठेके पर काम करता था, जहां 6 अप्रैल, 2025 को भी बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की थी। इस संबंध में सूरजगढ़ थाने में मामला भी दर्ज कराया गया था, लेकिन आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

पीड़ित हरेंद्र सिंह का कहना है कि बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। वे संभवतः इलाके में पहले से ही घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही हरेंद्र सिंह कलेक्शन लेकर ठेके से निकला, बदमाशों ने 5-6 गाड़ियों से उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूर पीछा करने के बाद आरोपियों ने हरेंद्र की गाड़ी को रोकने के लिए पीछे से टक्कर मारी। हरेंद्र ने गाड़ी भगाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने फिर से पीछा कर टक्कर मारी और गाड़ी को रोक दिया। मौका मिलते ही हरेंद्र सिंह गाड़ी से कूदकर भाग गया। बताया जा रहा है कि बदमाशों के पास चार कैंपर सहित छह गाड़ियां थीं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!