मुख्यमंत्री के पिलानी दौरे पर विधायक पितराम सिंह काला ने मांगा था मिलने का समय, जल संकट पर ज्ञापन सौंपना चाहते थे, आरोप- नहीं मिली अनुमति

पिलानी, 21 अप्रैल 2025: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने पिलानी दौरे पर क्षेत्रीय विधायक पितराम सिंह काला को मिलने का समय नहीं दिया। विधायक काला ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे निर्वाचित जन प्रतिनिधि का अपमान और जनादेश की अवहेलना बताया है।

Advertisement's
Advertisement’s

समाचार झुंझुनू 24 के साथ बात करते हुए विधायक पितराम सिंह काला ने जानकारी दी कि पिलानी विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त भीषण जल संकट को लेकर वे मुख्यमंत्री से उनके पिलानी दौरे पर मिल कर उन्हें ज्ञापन सौंपना चाह रहे थे। विधायक काला ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए बाकायदा लाइजनिंग ऑफिसर सूरजगढ़ एसडीएम सुमन को लिखित में इसके लिए आवेदन दिया था। विधायक काला एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे, जिसमें पूर्व प्रधान निहाल सिंह रणवा, पूर्व प्रधान शेरसिंह नेहरा, कांग्रेस के पिलानी ब्लॉक अध्यक्ष विनोद काजला, चिड़ावा ब्लॉक अध्यक्ष संजय सैनी, चिड़ावा चेयरमैन सुमित्रा सैनी व समाज सेवी रोहिताश्व रणवा का नाम भिजवाया गया था।

विधायक काला ने बताया कि उन्हें सूरजगढ़ एसडीएम ने जानकारी दी थी कि उनका आवेदन मुख्यमंत्री के ओएसडी को भिजवा दिया गया है, और जैसे ही इसका जवाब मिलता है उन्हें अवगत करवा दिया जाएगा। लेकिन देर शाम तक इंतजार के बाद भी उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। विधायक काला ने कहा कि मुख्यमंत्री पिलानी आए और आकर चले भी गए लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं दिया गया।

Advertisement's
Advertisement’s

विधायक पितराम सिंह काला ने अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपनी सभा में राजस्थान की 8 करोड़ जनता के सुख-दुःख में भागीदारी की बात करते हैं, लेकिन उसी जनता द्वारा चुने गए एक विधायक से मिलने का भी उनके पास समय नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ अपने निर्वाचन क्षेत्र की जनता की आज की तारीख की सबसे बड़ी समस्या को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपना चाहता था। विधायक काला ने इसे एक जनप्रतिनिधि और जनादेश का अपमान बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!