झुंझुनूं, 18 अप्रैल 2025: झुंझुनू ज़िले के पिलानी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी की स्थानीय इकाई पूरी तरह तैयारियों में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री 20 अप्रैल की शाम पिलानी पहुंचेंगे और CSIR-CEERI कैंपस स्थित गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। 21 अप्रैल की सुबह वे सीरी कैंपस में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले शुक्रवार को सूरजगढ़ SDM सुमन देवी सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने पिलानी स्थित सीरी कैंपस और बिट्स पिलानी कैंपस में व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीरी के गेस्ट हाउस की तैयारियों की समीक्षा की और सुरक्षा तथा लॉजिस्टिक व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, बिट्स कैंपस में स्थित V-Fast गेस्ट हाउस को भी मुख्यमंत्री एवं उनके साथ आने वाले अधिकारियों के लिए आरक्षित किया गया है। पिलानी में विभिन्न स्थानों पर बने अन्य गेस्ट हाउसों को भी सुरक्षा बलों, प्रशासनिक अधिकारियों और मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल स्टाफ के ठहरने हेतु आरक्षित किया गया है।
यमुना जल समझौते पर उच्चस्तरीय बैठक
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पिलानी में रात्रि विश्राम के पश्चात 21 अप्रैल को राजस्थान और हरियाणा के अधिकारियों के साथ यमुना जल समझौते पर प्रगति समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए जाएंगे ताकि शेखावाटी क्षेत्र को शीघ्र यमुना जल प्राप्त हो सके।

भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक
मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनज़र पिलानी के गुलाबराय स्मृति भवन गेस्ट हाउस में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह शेखावत की अध्यक्षता में पार्टी कार्यकर्ताओं की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, देव नारायण बोर्ड चेयरमैन ओमप्रकाश बढ़ाना, राजेश दहिया, चिड़ावा प्रधान रोहिताश्व धांगड़, योगेन्द्र मिश्रा, सुरेन्द्र सोनी, पवन जखोड़िया, मुरली मनोहर शर्मा, डॉ. आरपी पारीक, नरेन्द्र सिंह राठौड़, विजय हलवाई, सरोज श्योराण सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुकेश दाधीच ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट में झुंझुनू जिले के लिए 5000 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की सौगात दी गई है, जिससे क्षेत्र में विकास की गति को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।