मंड्रेला, 18 अप्रैल 2025: नव सृजित मंड्रेला नगरपालिका ईओ पद का चार्ज अब पिलानी नगरपालिका ईओ प्रियंका बुडानिया को दिया गया है। जिला कलेक्टर रामावतार मीणा ने आज पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए नया आदेश जारी किया है।

आपको बता दें कि प्रियंका बुडानिया फरवरी, 2024 से पिलानी नगरपालिका की अधिशाषी अधिकारी हैं। इस दौरान विद्या विहार नगरपालिका का अतिरिक्त चार्ज भी प्रियंका बुडानिया के पास रहा है।

जिला कलेक्टर द्वारा 17 अप्रैल को जारी आदेश के तहत चिड़ावा नगरपालिका ईओ रोहित मील को मंड्रेला नगरपालिका ईओ पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। एक दिन बाद ही संशोधित आदेश जारी कर प्रभारी अधिकारी को बदल दिया गया है। संशोधित आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शेष सभी व्यवस्था सम्बन्धी आदेश पूर्व आदेश के अनुसार यथावत रहेंगे। पूर्व आदेश के अनुसार चिड़ावा नगरपालिका के कनिष्ठ अभियंता आकाश कुमार तथा चिड़ावा नगरपालिका के ही कनिष्ठ सहायक आकाश को अपने कार्य के साथ मंड्रेला नगरपालिका के कार्य संपादित करने का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।