प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुद्रा योजना के 10 साल पूरे होने पर लाभार्थियों से की बातचीत, बताया – यह योजना ‘मोदी के लिए नहीं, जरूरतमंदों के लिए है’

मुद्रा योजना के तहत अब तक 53 लाख करोड़ का ऋण वितरण, हर साल सृजित हुए 5.14 करोड़ रोजगार

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर से आए लाभार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने योजना के प्रभाव और उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि यह योजना उनके लिए नहीं, बल्कि देश के जरूरतमंदों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी।

Advertisement's
Advertisement’s

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मुद्रा योजना मोदी के लिए नहीं है, यह देश के गरीब, पिछड़े और मेहनती लोगों के लिए है। भारतवासियों के लिए कुछ भी असंभव नहीं है।” उन्होंने इस योजना को देश के युवाओं को उनके पैरों पर खड़ा करने वाला एक ऐतिहासिक कदम बताया और लाभार्थियों की जीवन यात्रा को प्रेरणादायक करार दिया।

मजाकिया लहजे में बढ़ाया संवाद का आकर्षण

लाभार्थियों से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कई बार हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज़ में सवाल किए, जिससे पूरे माहौल में आत्मीयता का भाव दिखा।

एक लाभार्थी से जब उन्होंने पूछा, “फिलहाल आपकी आय कितनी है?” और व्यक्ति ने झिझकते हुए जवाब देने से कतराया, तो प्रधानमंत्री ने हँसते हुए कहा, “वित्त मंत्री मेरे बगल में बैठे हैं, उन्हें बोल दूंगा कि इनकम टैक्स वाले नहीं आएंगे।” इस पर हॉल में ठहाके गूंज उठे और पूरा माहौल प्रफुल्लित हो गया।

मुद्रा योजना: 10 वर्षों की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री ने बताया कि 8 अप्रैल 2015 को शुरू की गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत अब तक सरकार ने 53 लाख करोड़ रुपये से अधिक का लोन वितरित किया है।

  • प्रत्येक वर्ष औसतन 5.14 करोड़ रोजगारों का सृजन हुआ है।
  • महिलाओं और युवाओं को सबसे अधिक लाभ मिला है।
  • छोटे और लघु उद्योगों को विकास की मुख्यधारा में लाने में योजना की अहम भूमिका रही है।
Advertisement's
Advertisement’s

प्रधानमंत्री ने कहा कि, “मुद्रा योजना ने छोटे-छोटे सपनों को बड़ा आकार दिया है। जिनके पास बैंक खाता भी नहीं था, आज वे अपने कारोबार के मालिक हैं।”

सोशल मीडिया पर साझा किए अनुभव

प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया और लिखा –
“मुद्रा योजना के 10 साल पूरे होने के मौके पर मैंने देशभर से लाभार्थियों को अपने निवास पर आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि यह योजना उनके जीवन में क्या-क्या बदलाव लेकर आई है। उनकी कहानियाँ भारत की ताकत और आत्मनिर्भरता की मिसाल हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!