राहुल गांधी का बिहार दौरा: ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ पदयात्रा में हुए शामिल, चुनावी मोड में कांग्रेस सक्रिय

बिहार: बिहार में इस वर्ष के अंत तक संभावित विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपनी रणनीतिक गतिविधियों को तेज कर दिया है। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अब पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुके हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज 7 अप्रैल को बिहार के बेगूसराय में कन्हैया कुमार की अगुवाई में चल रही ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ पदयात्रा में हिस्सा लिया।

कांग्रेस समर्थकों में दिखा उत्साह

राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। सुभाष चौक, बेगूसराय से शुरू हुई पदयात्रा में हजारों की संख्या में कांग्रेस समर्थक शामिल हुए। भीड़ राहुल गांधी के एक झलक पाने और उनके साथ चलने को आतुर नजर आई। पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।

Advertisement's
Advertisement’s

तीन किलोमीटर तक राहुल संग चले कन्हैया कुमार

जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी ने बेगूसराय के सुभाष चौक से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी तक कन्हैया कुमार के साथ पदयात्रा की। इस दौरान उन्होंने राह चलते लोगों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याएं भी सुनीं। राहुल गांधी ने बिहार में युवाओं के पलायन, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और सरकारी रिक्तियों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।

पटना में करेंगे वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात

राहुल गांधी बेगूसराय दौरे के बाद पटना रवाना हुए, जहां उन्होंने श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ में भाग लिया। इस कार्यक्रम में उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और संविधान की गरिमा को बनाए रखने पर जोर दिया। सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, “बिहार ने देश को दिशा दी है, अब वक्त है कि संविधान की रक्षा के लिए बिहार एक बार फिर अग्रणी भूमिका निभाए।”

सदाकत आश्रम में होगी रणनीतिक बैठक

राहुल गांधी श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल के बाद कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और हाल ही में नियुक्त किए गए नवनियुक्त जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की। यह बैठक आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राहुल गांधी ने पार्टी की संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर की तैयारी और सामाजिक समीकरणों पर चर्चा की।

Advertisement's
Advertisement’s

बिहार का तीसरा दौरा

गौरतलब है कि यह राहुल गांधी का वर्ष 2025 में बिहार का तीसरा दौरा है। इससे पूर्व वे 18 जनवरी को पटना आए थे और संविधान सुरक्षा सम्मेलन में हिस्सा लिया था। फरवरी की शुरुआत में उन्होंने श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित जगलाल चौधरी जयंती समारोह में भी भाग लिया था। लगातार बिहार के दौरों से यह स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी राज्य में अपनी खोई राजनीतिक जमीन को फिर से मजबूत करने की तैयारी में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!