झारखंड: झारखंड पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संयुक्त ऑपरेशन में ढाई लाख के इनामी बदमाश अनुज कनौजिया को मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई जमशेदपुर में की गई, जो पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। अनुज कनौजिया उत्तर प्रदेश के कुख्यात मुख्तार अंसारी गैंग का सक्रिय शार्प शूटर था और उस पर मऊ, गाजीपुर और आजमगढ़ जिलों में 24 संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे।

लंबे समय से पुलिस के रडार पर था अनुज
अनुज कनौजिया पर हत्या, लूट, रंगदारी, और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर आरोप थे। वह पिछले काफी समय से पुलिस के रडार पर था, लेकिन हर बार बच निकलने में सफल हो जाता था। हाल ही में पुलिस को उसके जमशेदपुर में छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिली, जिसके बाद यह ऑपरेशन शुरू किया गया।
मुख्तार अंसारी गैंग का प्रमुख सदस्य
अनुज कनौजिया मुख्तार अंसारी गैंग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था। यह गैंग पूर्वांचल और उसके आसपास के इलाकों में अपनी आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात है। गैंग मुख्य रूप से जबरन वसूली, सुपारी किलिंग और संगठित अपराध में लिप्त रहा है। पुलिस के अनुसार, अनुज न केवल एक शार्प शूटर था, बल्कि वह गैंग के अन्य अपराधियों के साथ मिलकर कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दे चुका था।
मुठभेड़ के दौरान बरामद हथियार
पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अनुज कनौजिया के पास से दो हथियार बरामद किए। इनमें से एक 9MM ब्राउनिंग सर्विस पिस्टल थी, जो आमतौर पर पुलिस और सेना के इस्तेमाल में आती है। इसके अलावा, एक 32 बोर पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस का मानना है कि ये हथियार गैंग के अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी इस्तेमाल किए गए होंगे।

ऑपरेशन का नेतृत्व करने वाले अधिकारी घायल
इस ऑपरेशन का नेतृत्व STF के डिप्टी एसपी डीके शाही कर रहे थे, जो मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए। उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।