मुकुंदगढ़, 23 फ़रवरी 2025: मुकुंदगढ़ में पारिवारिक कलह से परेशान होकर एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। घटना मुकुंदगढ़ के वार्ड 24 में शनिवार रात को हुई, जिसका पता रविवार सुबह चला।
मुकुंदगढ़ थानाधिकारी सरदारमल यादव ने बताया कि लीलगर मोहल्ले में घर के कमरे से रफीक रंगरेज (40) और पत्नी परवीन बानो (38) के शव बरामद किए गए हैं। रविवार सुबह करीब 8 बजे उनके बेटे को घटना के बारे में पता चला। सूचना पर करीब 9 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मॉच्र्युरी में रखवाया गया। वहीं मौके से MOB और FSL ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि संभवतयाः रफीक ने पहले पत्नी परवीन बानो का रस्सी से गला घोंटकर हत्या की है। इसके बाद उसी रस्सी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।
SHO ने बताया दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दो-तीन दिन पहले भी दोनों में झगड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि रफीक और परवीन अपनी गृहस्थी को लेकर तनाव में रहते थे। लेकिन वे इतने परेशान थे, यह किसी को नहीं पता था। फिलहाल घटना की स्थिति और सुसाइड के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
दंपती के बेटा समीर (19) और बेटी सिमरन (16) हैं। घटना के समय दोनों अलग कमरे में सो रहे थे। सुबह करीब 8 बजे बेटा उठा तो दंपती के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर कोई रिस्पॉन्स नहीं आने पर बेटे ने दरवाजे को तोड़ दिया। अंदर देखा तो रफीक का शव रस्से के फंदे पर लटका हुआ था। वहीं परवीन बानो का शव चारपाई पर पड़ा था और गले पर रस्सी के निशान थे। समीर के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। शव को फंदे से उतारने के साथ ही पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार रफीक निर्माणाधीन मकानों में मजदूरी का कार्य करता था। इसके साथ कपड़ों में जड़ाई का काम करता था। वहीं, महिला परवीन बानो ग्रहणी थी।