ग्रामीणों की शिकायत पर नूनिया गोठड़ा पीएचसी का औचक निरीक्षण, स्टाफ नदारद

ताला लगा मिला स्वास्थ्य केंद्र, मरीजों को हो रही परेशानी

चिड़ावा, 20 फरवरी – नूनिया गोठड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में स्टाफ की अनुपस्थिति को लेकर ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद आज औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पीएचसी पर ताला लगा मिला और कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था

ग्रामीणों की शिकायतें हुईं सही साबित

स्थानीय निवासियों ने बताया कि पीएचसी में चिकित्सक और अन्य स्टाफ समय पर उपलब्ध नहीं रहते। खासकर रात के समय किसी के न होने से गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार दिन में भी डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ता है

निरीक्षण में पूरा स्टाफ अनुपस्थित

शिकायतों के आधार पर डॉक्टर तेजपाल कटेवा ने दोपहर 2:50 बजे पीएचसी का निरीक्षण किया। उनके साथ कर्मवीर जाट (एलटी) भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पीएचसी पर ताला लगा हुआ था और डॉक्टर श्रुति समेत पूरा स्टाफ अनुपस्थित था

बीसीएमओ के आदेशों की अवहेलना

गौरतलब है कि बीसीएमओ ने मुख्यालय पर स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने और आपातकालीन स्थिति में डॉक्टरों को उपलब्ध रहने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद चिकित्सक और कर्मचारी आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं, जिससे मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

स्वास्थ्य सेवाओं की अनदेखी पर ग्रामीणों में आक्रोश

ग्रामीणों ने पीएचसी की अव्यवस्था को लेकर रोष व्यक्त किया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। इस लापरवाही के चलते इलाके के लोगों को चिकित्सा सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!