बिरला बालिका विद्यापीठ पिलानी की छात्राओं को साप्ताहिक स्टूडेंट्स एक्सचेंज प्रोग्राम से खेल और खिलौना आधारित शिक्षण में मिली नई समझ

पिलानी: बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी की कक्षा छठी और सातवीं की 16 छात्राओं ने 12 से 20 जनवरी 2025 तक कोलकाता के सुशीला बिरला गर्ल्स स्कूल में साप्ताहिक स्टूडेंट्स एक्सचेंज प्रोग्राम में भाग लिया। इस कार्यक्रम का विषय “खेल और खिलौना आधारित शिक्षण पद्धति: मजेदार शिक्षा” था, जिसका उद्देश्य सीखने को अधिक मनोरंजक और प्रभावी बनाना था।

यह कार्यक्रम केवल शैक्षिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहा। छात्राओं ने चॉकलेट कुकीज बनाने, लकड़ी की गुड़िया बनाने, विभिन्न शास्त्रीय नृत्यों और पश्चिमी संगीत में भाग लेने जैसे कौशल भी सीखे। इसके अलावा, अंग्रेजी में बंगाली संस्कृति पर आधारित प्रश्नोत्तरी हल करने का अनुभव भी उन्हें प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के दौरान अलीपुर चिड़ियाघर, विक्टोरिया मेमोरियल, साइंस सिटी, बिरला मंदिर, सेंट पॉल कैथेड्रल चर्च और इको पार्क जैसे सांस्कृतिक स्थलों का दौरा किया गया, जिससे छात्राओं को कोलकाता की समृद्ध संस्कृति को समझने का अवसर मिला।

बिरला बालिका विद्यापीठ, जो कि एक आवासीय विद्यालय है, की छात्राओं के लिए एक दिवसीय स्कूल प्रणाली का अनुभव करना भी नया और अद्वितीय रहा। इससे पहले, नवंबर 2024 में सुशीला बिरला गर्ल्स स्कूल की 20 छात्राओं ने बिरला बालिका विद्यापीठ का दौरा किया था, जिससे दोनों स्कूलों के बीच गहरी समझ और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ।

बिरला शिक्षण संस्थान के निदेशक मेजर जनरल एस एस नायर (ए वी एस एम) ने इस अनूठी पहल की प्रशंसा करते हुए सभी छात्राओं के प्रयासों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल मैनेजर एम कस्तूरी ने एक्सचेंज प्रोग्राम की प्रभारी शिक्षिकाओं साथी संपद रॉय और रेनू दुबे को इस अनुभव को सफल बनाने के लिए बधाई दी। उन्होंने छात्राओं के अनुकरणीय प्रदर्शन और सीखने की उत्सुकता की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसी उपलब्धियों के लिए प्रेरित किया।

प्रभारी प्राचार्या अचला वर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के समग्र विकास को बढ़ावा देना और विभिन्न सांस्कृतिक दृष्टिकोणों को समझने का अवसर प्रदान करना है। इस प्रकार के शैक्षिक आदान-प्रदान न केवल छात्राओं की सोच को व्यापक बनाते हैं, बल्कि उनकी क्षमता को पहचानने और आत्मविश्वास विकसित करने में भी सहायक होते हैं।

इस सफल आयोजन से जुड़े सभी शिक्षकों, छात्राओं और प्रबंधन के उत्साह ने इसे एक अविस्मरणीय अनुभव बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!