कन्नौज रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा: लेंटर गिरने से कई मजदूर मलबे में दबे, 12 को किया गया रेस्क्यू

कन्नौज, उत्तर प्रदेश: कन्नौज से एक बडी़ दुर्घटना की खबर सामने आई है। गति शक्ति योजना के तहत निर्माणाधीन कन्नौज रेलवे स्टेशन पर सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा था, जब निर्माणाधीन लेंटर अचानक गिर गया। इस हादसे में कई मजदूर मलबे में दब गए। मौके पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। फिलहाल, मलबे से 12 मजदूरों को बाहर निकाला जा चुका है।

लेंटर गिरने से मची अफरातफरी

जानकारी के अनुसार, कन्नौज रेलवे स्टेशन पर दो मंजिला इमारत का निर्माण हो रहा था। शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान अचानक लेंटर भरभरा कर गिर पड़ा, जिससे निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूर दब गए। हादसे के कारण स्टेशन पर यात्रियों और अन्य कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।

वीडियो में दिखी राहत कार्य की तस्वीरें

घटनास्थल से सामने आए वीडियो में देखा गया कि पुलिस, रेलवे अधिकारियों और स्थानीय लोग मिलकर मलबे को हटाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा दबे हुए मजदूरों को निकालने के लिए तेज गति से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में कई मजदूरों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्नौज हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया।

एनडीआरएफ की टीम पहुंची मौके पर

घटनास्थल पर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम भी भेजी गई है। राहत कार्य तेजी से जारी है, और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि प्रभावित मजदूरों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!