आंध्र प्रदेश के तिरुपति में वैकुंठ द्वार दर्शन के दौरान भगद‍ड़, छह श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर में बुधवार को वैकुंठ द्वार दर्शन के लिए टोकन वितरण के दौरान मची भगद‍ड़ में अब तक छह श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। यह घटना तिरुपति के विष्णु निवासम परिसर में हुई, जहां देशभर से आए सैकड़ों भक्त दर्शन के लिए एकत्र हुए थे। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।

पुलिस ने बताया घटना का विवरण

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, तिरुमाला हिल्स पर बुधवार रात हुई भगदड़ में तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई। इस दौरान, कुछ महिला श्रद्धालुओं और अन्य घायलों को एंबुलेंस में ले जाकर पुलिस ने प्राथमिक उपचार प्रदान किया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में पुलिसकर्मियों को घायलों को सीपीआर देते हुए देखा गया।

Advertisement's
Advertisement’s

मृतकों की पहचान जारी

तेलंगाना टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में से एक महिला की पहचान मल्लिका के रूप में हुई है, जो तमिलनाडु की निवासी थीं। अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है। इस भगदड़ में घायल कई श्रद्धालुओं को तिरुपति स्थित श्री वेंकटेश्वर रामनारायण रुइया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा 10 जनवरी से शुरू हुए 10 दिवसीय वैकुंठ द्वार दर्शनम के पहले दिन हुआ, जिसमें देशभर से भारी संख्या में भक्त पहुंचे थे।

आंध्र प्रदेश के तिरुपति में वैकुंठ द्वार दर्शन के दौरान भगद‍ड़, छह श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

टीटीडी अध्यक्ष और तिरुपति नगर आयुक्त के बयान

तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अध्यक्ष बीआर नायडू ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि छह तीर्थयात्रियों की मौत हो गई है और केवल एक मृतक की पहचान हो सकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू इस घटना को लेकर बेहद गंभीर हैं और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। वे कल सुबह 11:45 बजे मृतकों के परिजनों से मिलेंगे।

तिरुपति नगर आयुक्त मौर्या ने बताया कि एमजीएम स्कूल के काउंटर को छोड़कर बाकी सभी टोकन वितरण काउंटर पर स्थिति सामान्य थी। उन्होंने कहा, “एमजीएम स्कूल में एकत्र 4000-5000 लोगों के कारण भगदड़ मच गई। अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।”

प्रधानमंत्री और अन्य नेताओं ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “आंध्र प्रदेश के तिरुपति में भगदड़ की घटना से आहत हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। आंध्र प्रदेश सरकार प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।”

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया और घायलों के उपचार को लेकर अधिकारियों से बातचीत की। सीएमओ ने बयान जारी कर बताया कि मुख्यमंत्री ने उच्च अधिकारियों को घटनास्थल पर राहत कार्य तेज करने और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “तिरुपति में हुई भगदड़ अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे हरसंभव सहायता प्रदान करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!