पिलानी में पानी के लिए परेशान लक्ष्मी कॉलोनीवासी पहुंचे जलदाय विभाग, अधिकारियों को सुनाई खरी-खरी

पिलानी, 26 दिसम्बर 2024: कस्बे में जलदाय विभाग की पेयजल सप्लाई की समस्याओं से लम्बे समय से परेशान 2 अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी लोहारू रोड़ स्थित विभाग के कार्यालय जा पहुंचे, जहां उनकाआक्रोश फूट पड़ा। परेशान लोगों ने अधिकारियों को जम कर खरी-खरी सुनाई और जनता की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।

पूर्व पार्षद राजकुमार नायक के नेतृत्व में लोहारू-चिड़ावा बाईपास स्थित लक्ष्मी कॉलोनी और वार्ड नंबर 19 के निवासी आज जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचे। लक्ष्मी कॉलोनी के लोगों का कहना था कि कॉलोनी के बोरवेल में पानी नहीं आ रहा था। कई बार शिकायत करने पर विभाग ने ठेकेदार के द्वारा पाइप डलवा कर वापस मोटर तो लगवा दी है, लेकिन अब मोटर को बिजली कनेक्शन से नहीं जोड़ा जा रहा है। यहां बोरिंग के नट-बोल्ट ऐसे ही फ्री छोड़ दिए गए हैं। इस वजह से पिछले 2 माह से कॉलोनीवासी पेयजल आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं वार्ड नंबर 19 के लोगों की शिकायत थी कि वार्ड के बोरिंग की बिजली सप्लाई की केबल हर दूसरे-तीसरे ब्रेक हो जाती है और कभी फ्यूज जल जाते हैं। लगातार हो रही इस समस्या का स्थाई समाधान जलदाय विभाग के अधिकारियों के द्वारा नहीं किया जा रहा है। आक्रोशित लोगों का कहना था कि यह दोनों ट्यूबवेल ठेकेदार के अंडर आते हैं। और ठेकेदार इन कामों को लेकर कोई तत्परता नहीं दिखाते हैं।

जलदाय विभाग के जेईएन पंकज सैनी ने दोनों ही जगह की समस्याओं का 12 घंटे में समाधान का आश्वासन दिया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर आज समाधान नहीं किया गया तो कल जलदाय विभाग का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विभाग के अधिकारियों की होगी।

जलदाय विभाग में शिकायत लेकर पहुंचने वालों में लक्ष्मी कॉलोनी के दिलीप सिंह खीचड़, लक्ष्मण सिंह भाटी, सांवरमल आलड़िया, विमल कुमार, पवन, धर्मपाल सिंह गोदारा, बजरंग लाल पंवार, राजेन्द्र वाल्मीकि, सोनू मेघवाल, समुंदर सिंह गवारिया, सुभाष बावरिया, बुधराम वाल्मीकि, गायत्री, राजबाला, सरोज देवी वाल्मीकि, गीता देवी वाल्मीकि, विद्या देवी विमल, आलड़िया, सुमन, किरण, कमलेश आलड़िया तथा वार्ड नं 19 के नंदलाल सैनी, जर्मन सिक्का, विनोद कुमावत, अशोक नायक, सलीम सिक्का, राजेश चारण, राजेन्द्र आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!