पिलानी विधानसभा क्षेत्र से आज नामांकन के पहले दिन उपखण्ड कार्यालय से 2 फॉर्म जारी किए गए। लेकिन पहले दिन किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
सुबह 11 बजे नामांकन प्रक्रिया प्रारम्भ होने के बाद आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राजेन्द्र मावर और मास्टर रामस्वरूप ने आज फॉर्म लिए हैं। पिलानी विधानसभा क्षेत्र से प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। लिहाजा यहां अभी चुनाव की सरगर्मियां शांत ही हैं। सभी को इंतजार है कि यहां से प्रमुख पार्टियां अपने प्रत्याशी घोषित करें। राष्ट्रीय दलों में अब तक केवल आम आदमी पार्टी ने ही पिलानी विधानसभा क्षेत्र से अपने उम्मीदवार की घोषणा की है।
रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम बृजेश गुप्ता ने बताया कि 6 नवम्बर तक सुबह 11 बजे से 3 बजे तक उम्मीदवारों से नामांकन पत्र लिए जाएंगे। रविवार को अवकाश की वजह से प्रक्रिया बन्द रहेगी। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए नामांकन कक्ष में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, ताकि जानकारी के अभाव में किसी का नामांकन खारिज ना हो। चुनाव शाखा का 10 सदस्यीय स्टाफ भी इस दौरान अलर्ट मोड पर रहेगा। नामांकन भरने वाले उम्मीदवार की सूचना और उनके शपथ पत्र (प्रारूप 26) की प्रति उसी दिन दोपहर 3 बजे बाद कार्यालय के बाहर चस्पा कर दी जाएगी।
नामांकन के लिए की गई है विशेष व्यवस्था
रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम बृजेश गुप्ता ने बताया कि नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया के लिए उपखण्ड कार्यालय पर विशेष व्यवस्था की गई है। नामांकन पत्र भरने के लिए रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में उम्मीदवार सहित 5 लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। इसके अलावा कार्यालय के 100 मीटर की परिधि तक उम्मीदवारों को केवल 3 वाहन ही लाने की अनुमति होगी। उम्मीदवार अपने वाहन उपखण्ड कार्यालय के पास सैनिक कल्याण कार्यालय, अम्बे टावर और मोतीलाल मास्टर की स्कूल तक ला सकेंगे।
अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। चिड़ावा डीएसपी शिवरतन गोदारा के निर्देशन में पुलिस जाब्ता सक्रिय रहेगा। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। आचार संहिता या नियमों के किसी भी तरह के उल्लंघन पर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्यवाही की जाएगी।
सामान्य और व्यय प्रेक्षक नियुक्त किए गए
जिला निर्वाचन अधिकारी बचनेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आज विधानसभा क्षेत्र पिलानी एवं झुंझुनू के लिए अभिनव चन्द्र (आई.ए.एस.) को, सूरजगढ़ के लिए सुनील कुमार सिंह (आई.ए.एस.) को, मंडावा व नवलगढ़ के लिए रितेन्द्र नारायण बसुराय चौधरी (आई.ए.एस.) को तथा उदयपुरवाटी एवं खेतड़ी के लिए जसविन्दर कौर (आई.ए.एस.) को सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किया गया है।
इसी तरह पिलानी, सूरजगढ़, झुंझुनू एवं मंडावा के लिए अजय डी. कुलकर्णी (आई.आर.एस.) को तथा नवलगढ़, उदयपुरवाटी एवं खेतड़ी के लिए उमेश कुमार, आई.आर.एस. (सी.एण्ड सीई) की नियुक्ति व्यय प्रेक्षक के तौर पर की गई है।




