झुंझुनू: जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक किसान से पुलिस सुरक्षा के नाम पर 9,91,577 रुपये वसूलने का नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 17 दिसंबर, 2024 को जारी किया गया था।
नोटिस के अनुसार, विद्याधर यादव नामक किसान को 11 नवंबर, 2024 को ईच्छा मृत्यु से बचाने के लिए पुलिस सुरक्षा मुहैया करवाई गई थी। इस सुरक्षा में 99 पुलिस कर्मचारियों को लगाया गया था। अब पुलिस ने इस सुरक्षा के लिए खर्च हुए पैसे की वसूली का नोटिस जारी किया है।
क्या है पूरा मामला?
विद्याधर यादव ने नवलगढ़ के गोठड़ा में श्री सीमेंट पर अपनी जमीन की मुआवजा राशि कम देने का आरोप लगाया था व इस कारण परिवार सहित ईच्छा मृत्यु की मांग की थी। इस पर पुलिस ने उन्हें बचाने के लिए सुरक्षा मुहैया करवाई थी। अब पुलिस का कहना है कि इस सुरक्षा में जो खर्च हुआ है, वह विद्याधर यादव को ही देना होगा।
नोटिस में क्या लिखा है?
नोटिस में कहा गया है कि विद्याधर यादव को नोटिस मिलने के 7 दिन के अंदर यह राशि जमा करवानी होगी। अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लोगों की प्रतिक्रिया:
इस मामले को लेकर लोगों में काफी रोष है। लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि पुलिस कैसे किसी व्यक्ति से पुलिस सुरक्षा के लिए पैसे वसूल सकती है।