समाचार झुंझुनूं 24
पल-पल की खबर
☰ कैटेगरी

जयपुर में भीषण हादसा: एलपीजी और सीएनजी ट्रक की टक्कर से 7 की मौत, 40 से ज्यादा घायल

जयपुर, राजस्थान: राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज सुबह करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एलपीजी और सीएनजी ट्रक की टक्कर के बाद भयानक आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की भयावहता

हादसा इतना गंभीर था कि टक्कर के बाद लगी आग ने आसपास की गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर कई गाड़ियां पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गईं। आग के चलते पांच लोग जिंदा जल गए। घायलों को इलाज के लिए जयपुर के सवाई मान सिंह (एसएमएस) हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 35 घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिनमें से कई 50% से ज्यादा जल चुके हैं।

Advertisement’s

आग बुझाने का प्रयास जारी

घटनास्थल पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए जुटी हुई हैं। हालांकि, सुबह 6 बजे हुए इस हादसे के तीन घंटे बाद भी कुछ गाड़ियों में आग बुझाने का काम जारी था।

प्रशासन की कार्रवाई

हादसे के बाद जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।

मुख्यमंत्री का दौरा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एसएमएस हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस टैंकर में आग लगने की घटना में नागरिकों के हताहत होने का दुःखद समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है।” मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देने के निर्देश दिए।

गजेंद्र सिंह खिमसर का बयान

राजस्थान सरकार के मंत्री गजेंद्र सिंह खिमसर ने बताया कि पुलिस और प्रशासन मौके पर मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। अस्पताल में अतिरिक्त बेड और संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि सभी घायलों को समय पर इलाज मिल सके।