पटना, बिहार: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने अनोखे अंदाज के लिए एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उनका विधानसभा में ग्रामीण विकास मंत्री अशोक चौधरी के रुद्राक्ष वाले ब्रेसलेट को छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार ने न केवल सदन में उपस्थित नेताओं का ध्यान खींचा, बल्कि इसे लेकर जनता में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

क्या है पूरा मामला?

घटना शुक्रवार को बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान हुई। ग्रामीण विकास मंत्री अशोक चौधरी सदन में सरकार का पक्ष रखते हुए भाषण दे रहे थे। इस दौरान उनके हाथ में पहना हुआ रुद्राक्ष का ब्रेसलेट हल्का हिल रहा था, जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ध्यान आकर्षित कर गया।

नीतीश कुमार ने सहज रूप से अपना हाथ बढ़ाया और ब्रेसलेट को करीब से देखने लगे। उन्होंने इसे हल्के से खींचकर जांचा। इस दौरान अशोक चौधरी मुस्कुराने लगे। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार से पास बैठे स्वास्थ्य और कृषि मंत्री मंगल पांडे तथा शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भी हैरान रह गए।

नीतीश कुमार और अशोक चौधरी का पुराना जुड़ाव

यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री ने अशोक चौधरी के प्रति अपने स्नेह को इस तरह व्यक्त किया हो। इससे पहले भी एक घटना के दौरान नीतीश कुमार ने अशोक चौधरी का सिर दूसरे नेता के सिर से टकरा दिया था। वह वीडियो भी खूब वायरल हुआ था।

सदन में माहौल हल्का, लेकिन विपक्ष का हंगामा जारी

जहां मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच यह हल्का-फुल्का वाकया हुआ, वहीं विपक्ष ने सत्र के आखिरी दिन भी हंगामा किया। हालांकि, इसके बावजूद सरकार ने अपनी निर्धारित कार्यसूची पूरी कर ली। विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने पांच दिवसीय सत्र के सफल समापन पर सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!