नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को लेकर सवाल उठाए और दावा किया कि उसे सरकार का संरक्षण मिल रहा है। विधानसभा में दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा के दौरान केजरीवाल ने राजधानी में बढ़ते अपराधों का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली संभालना अब केंद्र सरकार के बस की बात नहीं रही।

गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा निशाना

अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, “लॉरेंस बिश्नोई जैसे अपराधी खुलेआम अपनी गतिविधियां कैसे चला रहे हैं? क्या यह संभव है कि बिना सरकारी संरक्षण के यह सब हो रहा हो?” उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को इस मुद्दे पर सरकार से जवाब चाहिए।

केजरीवाल ने दिल्ली में हो रही आपराधिक घटनाओं जैसे रेप, मर्डर और गैंगवार का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटनाएं गृह मंत्री के आवास से चंद किलोमीटर की दूरी पर हो रही हैं। उन्होंने इसे देश की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बताया।

दिल्ली में बढ़ते अपराधों पर चिंता

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे खुलेआम वारदातें कर रहे हैं। उन्होंने ग्रेटर कैलाश में जिम ओनर की हत्या और एक म्यूजिक कंपोजर से फिरौती मांगने की घटनाओं का विशेष उल्लेख किया, जिनमें लॉरेंस बिश्नोई का नाम सामने आया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वे इन अपराधों को रोकने में नाकाम रहे हैं।

“ओपन गैंगवार से दहशत में है दिल्ली”

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में अब ओपन गैंगवार हो रहे हैं। लोग फिरौती की कॉल्स और ओपन शूटआउट की घटनाओं से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी की सड़कों पर आम लोग फोन लेकर चलने से भी डरते हैं। उन्होंने दिल्ली की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।

केंद्र सरकार पर सख्त कार्रवाई में विफलता का आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने कहा, “यह सरकार दिल्ली पुलिस को संभालने में नाकाम हो चुकी है। अपराधियों को खुली छूट दी जा रही है, जिससे जनता का विश्वास कमजोर हो रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!