पटना: भोजपुरी फिल्म जगत की पॉपुलर और सबसे ज्यादा पेड अभिनेत्री अक्षरा सिंह को हाल ही में जान से मारने की धमकी मिली है। एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। धमकी देने वाले ने चेतावनी दी कि अगर दो दिन के भीतर यह रकम नहीं दी गई तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। साथ ही, फोन पर गाली-गलौज करते हुए धमकाने का भी आरोप है।
अक्षरा सिंह ने दर्ज कराई शिकायत
अक्षरा सिंह ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए बिहार के दानापुर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फोन करने वाले अज्ञात शख्स की तलाश जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कॉल की जांच और आरोपी का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम को लगाया गया है।
भोजपुरी जगत की सबसे चर्चित अदाकारा
2010 में अक्षरा सिंह ने भोजपुरी फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ से रवि किशन के साथ अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री के प्रमुख अभिनेता पवन सिंह और खेसारी लाल यादव के साथ भी कई फिल्मों में काम किया है। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्री मानी जाती हैं। इंस्टाग्राम पर 6.5 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स के साथ, अक्षरा सिंह भोजपुरी सिनेमा की सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली एक्ट्रेस हैं।
टीवी शोज और हिंदी सिनेमा में भी जमाया है सिक्का
अक्षरा ने न केवल भोजपुरी सिनेमा बल्कि हिंदी टीवी जगत में भी अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने 2015 में टीवी शो ‘काला टीका’ और ‘सर्विस वाली बहू’ में काम किया, जिससे उनकी लोकप्रियता और बढ़ी। इसके अलावा, पीरियड ड्रामा शोज ‘सूर्यपुत्र कर्ण’ और ‘पोरस’ में भी उन्होंने अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता।
राजनीति में भी रखती हैं दिलचस्पी
अक्षरा सिंह ने 2023 में राजनीति में कदम रखते हुए प्रशांत किशोर के ‘जन सुराज’ अभियान से जुड़कर समाज सेवा में अपनी भूमिका निभाई थी। इसके बाद उनके राजनीति में सक्रिय होने और लोकसभा चुनाव लड़ने की भी अटकलें थीं। हालांकि, फिलहाल उनका राजनीतिक योगदान केवल अभियान तक ही सीमित रहा है।





