सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के दोबड़ा गांव में हरियाणा के युवक का मर्डर, कुल्हाड़ी से काटा, शरीर पर गाड़ी के निशान भी मिले, परिजनों ने शव लेने से किया इंकार

झुंझुनू, 8 नवंबर 2024: झुंझुनूं में गुरूवार को हरियाणा के एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई, युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। पास में कुल्हाड़ी व बाइक भी खड़ी मिली। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवक के शरीर पर गाड़ी के टायर निशाने भी मिले हैं। आशंका है कि युवक पर कुल्हाड़ी से बेरहमी से मारपीट की गई और बाद में गाड़ी चढ़ाकर उसकी हत्या की गई है। मामला झुंझुनू के सूरजगढ़ थाने क्षेत्र के दोबड़ा गांव का है। घटना गुरूवार देर रात की है।

सूरजगढ़ थानाधिकारी सुखेदव सिंह ने बताया कि गुरूवार देर रात सूचना मिली थी कि दोबड़ा गांव के कच्चे रास्ते पर सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है। मृतक की पहचान सतीश उर्फ तनेश (18 वर्ष) निवासी लोहारू (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने युवक के दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के परिजन सूरजगढ़ सरकारी अस्पताल के सामने धरना देकर बैठे हैं तथा हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने तक उन्होंने शव लेने से इंकार कर दिया है।

पुलिस की प्रारम्भिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए दोबड़ा गांव के नजदीक पीपली गांव आया था।

मृतक के बडे़ भाई ने पुलिस को रिपोर्ट दी

इस सम्बन्ध में मृतक सतीश उर्फ तनेश के बडे़ भाई सचिन कुमार ने पुलिस को रिपोर्ट दी है, जिसमें बताया है कि गुरूवार शाम को दोबड़ा निवासी प्रीतम उर्फ मोनू पुत्र दलीप जाट व कार्तिक उर्फ सुण्डा (लोहारू) आए थे जो पीपली गांव जाने के बात कहकर मेरे भाई को बाइक पर बैठाकर ले गए। इसके बाद रात को मेरे भाई के दोस्त हिमांशु का फोन आया कहा कि सतीश पीपली के खेतों में है, उसके बाद मैंने मेरे भाई के साथ गए मोनू को फोन किया तो उसने कहा कि प्रीतम गहरी नींद में सोया हुआ है और दोबारा फोन किया तो उसका नंबर बंद आने लगा। उसके बाद कंट्रोल रूम में पुलिस को सूचना दी। उसके बाद पुलिस के साथ तलाश करते हुए पहुंचे तो दोबड़ा में प्रीतम के घर से 50 मीटर की दूरी पर सतीश मृत अवस्था में पड़ा हुआ मिला। आशंका है कि प्रीतम उर्फ मोनू, उसके पिता दलीप, नवीन उर्फ टील्लू चौधरी सहित अन्य लोगों ने मिलकर सतीश की हत्या की है।

हत्या के आरोपी दोस्त ने की थी लव मैरिज

मामले के अनुसार दोबडा गांव निवासी प्रीतम ने करीब एक साल पहले हरियाणा के बिरही कलां गांव दादरी निवासी युवती से लव मैरिज की थी। इस बात से प्रीतम का परिवार उससे नाराज था। परिवार की नाराज़गी के चलते प्रीतम घर छोड़कर हरियाणा के लोहारू में रह रहा है, जहां वह मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। प्रीतम का अपने घर आना जाना भी कम ही था। दरअसल लव मैरिज की वजह से प्रीतम को उसके परिवार वालों ने बेदखल कर दिया था। बताया जा रहा है कि गुरूवार को वह अपने परिवार के लोगों से झगड़ा करने गांव आया था तथा अपने साथ सतीश व कार्तिक उर्फ सुण्डा को भी लेकर आया था।

परिजन धरना देकर बैठे हैं, शव लेने से किया इंकार

मृतक सतीश उर्फ तनेश के परिजन अन्य लोगों के साथ सूरजगढ़ सरकारी अस्पताल के सामने धरना देकर बैठ के हैं। परिजनों ने शव लेने से मना कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक पुलिस सतीश की हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर लेती है, तब तक वे शव नहीं लेंगे।

https://youtu.be/78SjCBUANJg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!