मुंबई से जेद्दाह और मस्कत जा रही इंडिगो की दो फ्लाइट्स को मिली बम की धमकी
मुंबई: सोमवार को इंडिगो की दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ये उड़ानें मुंबई से जेद्दाह और मस्कत के लिए रवाना हो रही थीं। फ्लाइट्स को सुरक्षा मानकों के अनुसार तुरंत खाड़ी क्षेत्र में डाइवर्ट कर दिया गया, और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारकर आवश्यक सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई है।
इंडिगो की दो फ्लाइट्स को मिली बम की धमकी
बम की धमकी सबसे पहले फ्लाइट 6E 1275 के लिए आई, जो मुंबई से मस्कत जा रही थी। इसके कुछ ही देर बाद दूसरी धमकी फ्लाइट 6E 56 के लिए आई, जो मुंबई से जेद्दाह के लिए उड़ान भर रही थी। दोनों उड़ानों को तुरंत डाइवर्ट कर लिया गया, और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित निकालकर विमान की गहन जांच की जा रही है।
सुरक्षा मानकों के तहत कार्रवाई
फ्लाइट्स को डाइवर्ट करते हुए सुरक्षा बलों ने स्टेंडर्ड ओपरेटिंग प्रक्रियाओं का पालन किया और बम धमकी की सूचना मिलते ही सभी जरूरी जांच शुरू कर दी गई। अभी तक दोनों उड़ानों से किसी प्रकार की संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा जांच के बाद ही उड़ानों को मंजूरी दी जाएगी। एयरलाइन अधिकारियों ने यात्रियों को शांत रहते हुए सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करने की सलाह दी है।
इससे पहले एयर इंडिया की फ्लाइट को भी मिली थी बम धमकी
इंडिगो की उड़ानों को मिली धमकी से पहले, आज सुबह एयर इंडिया की मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाली एक फ्लाइट को भी बम की धमकी मिलने के बाद दिल्ली हवाई अड्डे की ओर डाइवर्ट किया गया। एयर इंडिया की उड़ान ने सुबह 2 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी, लेकिन धमकी मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को तुरंत दिल्ली हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया।
हाल के दिनों में बढ़ी बम धमकी की घटनाएं
पिछले कुछ महीनों में फ्लाइट्स को बम धमकी मिलने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। पिछले महीने ही एयर इंडिया की एक उड़ान में वॉशरूम के टिशू पेपर पर बम की धमकी लिखी पाई गई थी, जिसके बाद विमान की सुरक्षा जांच की गई। हालांकि, बाद में धमकी को फर्जी करार दिया गया।
