नई दिल्लीः
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को अपना सरकारी आवास छोड़ दिया और अब लुटियंस दिल्ली में स्थित अपनी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के सरकारी बंगले में शिफ्ट हो गए हैं। यह कदम उनके लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। केजरीवाल अब मंडी हाउस के पास फिरोजशाह रोड स्थित इस बंगले में अपने परिवार के साथ रहेंगे, जो आम आदमी पार्टी (AAP) मुख्यालय के काफी पास है।

बागी सांसद स्वाती मालीवाल का तंज

इस घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी की बागी राज्यसभा सांसद स्वाती मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर नाम नहीं लिया, लेकिन उनके ट्वीट ने साफ संकेत दिए। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर भगवान राम का उदाहरण देते हुए तंज कसा।

स्वाती मालीवाल ने लिखा, “एक थे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम, जिन्होंने महल छोड़कर 14 साल वनवास किया। नारी सम्मान के लिए रावण जैसे शक्तिशाली राक्षस से युद्ध किया। आजकल कुछ लोग अपनी तुलना प्रभु राम से कराते हैं और महा त्याग बताकर एक महल से दूसरे महल में रहने जाते हैं। माया के पीछे आदर्श भूल जाते हैं, नारी पर वार करने वाले को बचाते हैं। हे राम!”

सरकारी आवास छोड़ने के बाद कई सांसदों ने की थी पेशकश

केजरीवाल ने उत्तर दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित फ्लैगस्टाफ रोड पर अपने सरकारी आवास को छोड़ने का निर्णय लिया था। इसके बाद कई पार्टी नेताओं, सांसदों, विधायकों और पार्षदों ने केजरीवाल को अपने आवास में रहने का प्रस्ताव दिया था।

पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया भी गुरुवार को दिल्ली के राजेंद्र प्रसाद रोड स्थित हरभजन सिंह के बंगले में शिफ्ट हो गए थे। इसके बाद केजरीवाल ने अशोक मित्तल के घर को चुना। मित्तल, जो पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं, ने एक वीडियो संदेश में कहा कि उन्हें खुशी है कि केजरीवाल ने उनके घर को चुना। उन्होंने यह भी बताया कि जब केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया, तब उन्होंने अपने घर पर उन्हें रहने का आमंत्रण दिया था, जिसे केजरीवाल ने अब स्वीकार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!