राजस्थान: हरियाणा के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को लोहारू और रेवाड़ी में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान में 9 महीने पहले कांग्रेस की सरकार थी, जिसने युवाओं की आंखों में आंसू लाने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में पेपर लीक घोटाले चरम पर थे। “राजस्थान में 19 में से 17 पेपर लीक हुए थे। हमने चुनाव से पहले युवाओं से वादा किया था कि जिन्होंने उन्हें रुलाया है, हम उन्हें नहीं छोड़ेंगे। आज पेपर लीक के आरोप में 160 लोग जेल में हैं,” उन्होंने कहा।

भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार ने पूरे राज्य को घेर रखा था। “लोग पूछते थे कि मगरमच्छ कब पकड़े जाएंगे। अब हमने उन मगरमच्छों को पकड़ना शुरू कर दिया है,” उन्होंने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। “हमने सत्ता में आने से पहले कहा था कि हम भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे, और अब जब हम उन्हें जेल भेज रहे हैं तो कांग्रेस कहती है कि सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। आप ही बताइए, भ्रष्टाचारियों को जेल में जाना चाहिए या नहीं?” शर्मा ने जनता से सवाल किया।

कांग्रेस पर तीखे आरोप

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर झूठे वादे करने और जनता को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने झूठ और लूट की दुकान खोल रखी है। चुनाव के समय वे बड़े-बड़े सपने दिखाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद गायब हो जाते हैं। उनके घोषणापत्र को उठाकर देख लीजिए, एक भी वादा पूरा नहीं किया।”

शर्मा ने हरियाणा और राजस्थान में कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के मामलों पर चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने नौकरियों और जमीनों के घोटाले किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने किसानों को केवल दो, तीन, और चार रुपये के चेक देकर उनका अपमान किया। “देश में भ्रष्टाचार की जड़ कांग्रेस है,” उन्होंने कहा। शर्मा ने कांग्रेस को ‘भ्रष्टाचार की जननी’ बताते हुए कहा कि उनके शासनकाल में जमीन, आकाश, और पाताल सभी जगह घोटाले हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “आप कब तक गरीबी हटाने का नारा देकर देश की जनता को लूटते रहेंगे?”

किसानों और एमएसपी पर बयान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोहारू में किसानों से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जब हरियाणा के किसानों को एमएसपी पर उनकी 24 फसलों की खरीद की जा रही थी, तब कांग्रेस शासित राज्यों में किसानों की फसलों का मूल्य आधा हो गया था। उन्होंने कहा, “जब आपका बाजरा 2400 रुपये में बिक रहा था, तब हमारे यहां का बाजरा 1200 रुपये में बिक रहा था। इसके खिलाफ हमने पड़ोसी राज्यों में आंदोलन किए थे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!