चिड़ावा, 10 अगस्त 2024: आजादी की 78वीं वर्षगांठ के मौके पर देश में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत हो गई है। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को जश्न-ए-आज़ादी के मौके पर 9 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान का ऐलान किया, इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स की डीपी बदलकर अभियान का आगाज कर दिया है।
इसके बाद से ही देश भर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर लोगों में होड़ लगी हुई है। राजस्थान सरकार द्वारा भी प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों को 9 से 15 अगस्त तक इस अभियान को प्रमुखता देते हुए लोगों को प्रेरित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
चिड़ावा पुलिस की भव्य रैली में बड़ी संख्या में शामिल हुए युवा
इसी क्रम में चिड़ावा पुलिस प्रशासन द्वारा आज भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। उपखण्ड अधिकारी बृजेश कुमार और थानाधिकारी विनोद सामरिया ने शहर के गांधी चौक से रैली को रवाना किया। इससे पहले दोनों अधिकारियों ने स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
रैली में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए, जिनका जोश देखते ही बनता था। डीजे की धुन पर देशभक्ति के जोशीले नारों के साथ रैली में शामिल सैंकड़ों नौजवान, अधिकारी/कर्मचारी, सीएलजी, सुरक्षा सखी व विविध संगठनों के सदस्य, जनप्रतिनिधि और पुलिसकर्मी जिस राह से गुजरे वहां हर किसी के हृदय देशप्रेम की तरंगें हिलोरें लेने लगीं।
तिरंगा रैली शहर के पुरानी तहसील रोड़, कबूतर खाना बस स्टैंड, खेतड़ी रोड़, सूरजगढ़ रोड़, बाईपास, पिलानी रोड़, नया बस स्टैण्ड, झुंझुनू रोड़ चुंगी चौकी अरड़ावतिया कॉलोनी, कल्याण प्रभु मन्दिर होते हुए वापस गांधी चौक पहुंच कर सम्पन्न हुई।
रैली में मुकेश खंडेलवाल, महेंद्र मोदी, एडवोकेट लोकेश शर्मा, राजू मराठा, मुकेश जलिंद्रा, भाजपा युवा मोर्चा तहसील अध्यक्ष अशोक शर्मा, विकास पायल, गौरक्षक अभिषेक पारीक, बाबूसिंह राजपुरोहित, सुभाष पंवार, ईशु सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन शामिल हुए।
ऐसे डाउनलोड करें हर घर तिरंगा सर्टिफिकेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 जुलाई को ‘मन की बात’ रेडियो प्रसारण में हर घर तिरंगा अभियान के बारे में बात की थी और लोगों को हर घर तिरंगा वेबसाइट पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी अपलोड करने का आग्रह किया था।
हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने वाले देश के प्रत्येक नागरिक को एक वर्चुअल सर्टिफिकेट प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। इसके लिए सबसे पहले हर घर तिरंगा की आधिकारिक वेबसाइट harghartiranga.com पर जाना होगा। इसके बाद होम पेज पर Take Pledge ऑप्शन पर क्लिक करना है।
इसके बाद दिए गए निर्देशों को देखकर नेक्स्ट पर क्लिक करना है। फिर अपना नाम, मोबाइल नंबर और राज्य का नाम भरकर Take Pledge ऑप्शन पर क्लिक करना होगा।
इसके बाद तिरंगे के साथ आपकी सेल्फी या फोटो को अपलोड करना है और सबमिट पर क्लिक करना है। इसके बाद जनरेट सर्टिफिकेट पर क्लिक करना है, जिससे आपका सर्टिफिकेट स्क्रीन पर ओपन हो जाएगा। अब आप इसे डाउनलोड कर सकते हैं।