झुंझुनू: राजस्थान थांग ता संघ की नई कार्यकारिणी गठित की गई है। इस कार्यकारिणी में डॉ सुरेंद्र सिंह शेखावत को अध्यक्ष, कोमल कंवर को सचिव और राकेश सैनी को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। भारतीय थांग ता महासंघ के सचिव विनोद शर्मा ने इनकी नियुक्ति की घोषणा की और नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

डॉ सुरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि थांग ता मणिपुर का एक पारंपरिक मार्शल आर्ट खेल है, जिसे राजाओं द्वारा अपने सिपाहियों को अनिवार्य रूप से सिखाया जाता था। अंग्रेजों ने इस खेल पर बैन लगा दिया था, लेकिन यह कला गुप्त रूप से जारी रही और अब इसे फिर से पुनर्जीवित किया जा रहा है। वर्तमान में यह खेल भारत में विभिन्न फेडरेशनों द्वारा मान्यता प्राप्त है और लगभग 40 देशों में खेला जाता है।

संघ की सचिव कोमल कंवर ने जानकारी दी कि अगले महीने झुंझुनू में थांग ता कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही राजस्थान में जल्द ही थांग ता राज्य प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य थांग ता को व्यापक रूप से प्रसारित करना और इसे खेल के रूप में स्थापित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!